Maldives vs Lakshadweep Row: भारत के एक्शन के बाद चिढ़ा मालदीव, भारतीय उच्चायुक्त मुनु महावर को किया तलब
मालदीव की मंत्री (अब पूर्व मंत्री) की टिप्पणी के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर 'बॉयकॉट मालदीव' ट्रेंड करने लगा. इसके बाद कई भारतीयों ने पीएम मोदी के पक्ष में प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दी और मालदीव की मंत्री को जमकर लताड़ा.
Maldives vs Lakshadweep Row Moijju government summons Indian High Commissioner: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मालदीव के मंत्रियों की ओर से की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़े विवाद के बीच नया अपडेट आया है. दरअसल, बढ़ते विवाद के बीच सोमवार को भारतीय विदेश मंत्रालय ने मालदीव के उच्चायुक्त इब्राहिम शाहीब को तलब किया. इसके कुछ घंटों बाद ही माले में भारतीय उच्चायुक्त मुनु महावर को मालदीव सरकार ने तलब कर लिया.
भारत-मालदीव विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर तब हुई जब मालदीव के कई मंत्रियों ने पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट की. एक मंत्री ने केंद्र शासित प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पीएम मोदी के 'लक्षद्वीप दौरे' के बाद उन्हें इजराइल की कठपुतली और जोकर बताया था. मालदीव की मंत्री (अब पूर्व मंत्री) की टिप्पणी के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर 'बॉयकॉट मालदीव' ट्रेंड करने लगा. इसके बाद कई भारतीयों ने पीएम मोदी के पक्ष में प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दी और मालदीव की मंत्री को जमकर लताड़ा.
बॉलीवुड अभिनेताओं ने लोगों ने की ये अपील
हाल ही में अपने परिवार के साथ मालद्वीप पर छुट्टी बिताकर आने वाले अक्षय कुमार ने मालदीव के कुछ लोगों द्वारा भारत के समुद्र तट पर्यटन के खिलाफ टिप्पणियों पर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है. अक्षय ने अपने एक्स पर लिखा कि मालदीव के प्रमुख सार्वजनिक हस्तियों द्वारा भारतीयों पर घृणित और नस्लवादी टिप्पणियां की गई हैं.
आश्चर्य है कि वे ऐसा उस देश में कर रहे हैं जो उन्हें सबसे अधिक संख्या में पर्यटक देता है. हम अपने पड़ोसियों के प्रति अच्छे हैं, लेकिन हमें ऐसी अकारण नफरत क्यों बर्दाश्त करनी चाहिए? मैंने कई बार मालदीव का दौरा किया है और हमेशा इसकी प्रशंसा की है, लेकिन देश की गरिमा पहले है. आइए हम भारतीय द्वीपों की खोज करने का निर्णय लें और अपने देश के पर्यटन का समर्थन करें.
जॉन अब्राहम ने शेयर की लक्षद्वीप की फोटो
जॉन अब्राहम ने भी भारतीय द्वीपों पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अपने आधिकारिक एक्स पर लिखा है. उन्होंने लक्षद्वीप द्वीप समूह की कुछ मंत्रमुग्ध कर देने वाली तस्वीरों को ट्वीट किया है. साथ ही लिखा है कि अद्भुत भारतीय आतिथ्य, 'अतिथि देवो भव' के विचार और विशाल समुद्री जीवन की खोज के साथ लक्षद्वीप घूमने लायक जगह है। #ExploreIndianIslands.
श्रद्धा कपूर ने लिखा, इस साल #Explore IndianIslands क्यों नहीं?
उधर, लक्षद्वीप द्वीप समूह की एक तस्वीर शेयर करते हुए अभिनेत्री श्रद्धा कपूल ने एक्स पर लिखा कि ये सभी फोटो और मीम्स मुझे अब सुपर फोमो बना रहे हैं. लक्षद्वीप में ऐसे प्राचीन समुद्र तट हैं, जो स्थानीय संस्कृति से समृद्ध हैं, मैं अपनी छुट्टियां यहां बिताने वाली हूं. इस साल, #Explore IndianIslands क्यों नहीं? दिलचस्प बात यह है कि साल 2021 में श्रद्धा ने मालदीव में अपने परिवार की छुट्टियों की तस्वीरें साझा की थीं.
सलमान खान बोले- सबसे अच्छी बात ये भारत में है
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सलमान खान ने भी अपने बॉलीवुड साथइयों के विचारों का समर्थन किया है. उन्होंने रविवार को ट्वीट किया कि हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी को लक्षद्वीप के सुंदर स्वच्छ और आश्चर्यजनक समुद्र तटों पर देखना बहुत अच्छा है और सबसे अच्छी बात यह है कि ये हमारे भारत में हैं. @नरेंद्र मोदी.
बॉलीवुड को हमेशा से ही मालदीव से रहा है प्यार
भारतीय द्वीपों का पता लगाने का अभियान ऐसे समय में आया है जब अभिनेत्री बिपाशा बसु मालदीव में अपना 45वां जन्मदिन मना रही हैं. वह पति करण सिंह ग्रोवर और बेटी देवी के साथ छुट्टियों पर हैं. बिपाशा, अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना की तरह, रकुल प्रीत सिंह, कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा, जाह्नवी कपूर और दिशा पटानी भी मालदीव के नियमित गेस्ट हैं. तापसी पन्नू और परिणीति चोपड़ा ने भी हाल के महीनों में मालदीव का दौरा किया था.
भारत में बड़े स्तर पर है आक्रोश, ट्रेंड हुआ #BoycottMaldives
बता दें कि मालदीव की ओर से आई टिप्पणी के बाद भारत में बड़े स्तर पर आक्रोश है. देश में बॉलीवुड और खेल की कई दिग्गज हस्तियों ने सोशल मीडिया पर #BoycottMaldives अभियान चला दिया है. इनके अलावा कई सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर ने भी एक्स इसको लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं. साथ ही कहा है कि भारत में ऐसे बीच खोजें और वहां घूमने के लिए जाएं.