महाराष्ट्र की दो लग्जरी बसों की टक्कर में 8 लोगों की मौत, कई घायल; पीएम ने जताया दुख
बारडोली ग्रामीण पुलिस के अनुसार अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों बसों की आमने-सामने टक्कर हुई थी या वे एक ही दिशा में जा रही थीं. मामले की जांच की जा रही है.
महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम की दो लग्जरी बसों के बीच गुजरात के सूरत जिले में बड़ा सड़क हादसा हो गया. यह दुर्घटना बारडोली तालुका के उवा गांव के पास हुई. हादसे में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए.
मौके पर मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार दोनों बसों की जोरदार टक्कर हुई. टक्कर के बाद एक बस सड़क पर पलट गई और उसमें आग लग गई. आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. कुछ यात्रियों के बस में फंसे होने की भी आशंका जताई गई है. पुलिस और बचाव दल को जैसे ही हादसे की सूचना मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंच गए. दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. कई घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में चल रहा है.
कैसे हुआ हादसा
बारडोली ग्रामीण पुलिस के अनुसार अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों बसों की आमने-सामने टक्कर हुई थी या वे एक ही दिशा में जा रही थीं. मामले की जांच की जा रही है.
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है.
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रशासन का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.