रामलला प्राण प्रतिष्ठा से साथ बेहद खास होगा माघ मेला! जानें इस बार किस तरह की है तैयारियां?
प्रयागराज दौरे पर आए सीएम योगी आदित्यनाथ ने माघ मेला की तैयारियों का जायजा लिया. . मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अगले महीने प्रयागराज में पहली बार माघ मेला 800 हेक्टेयर क्षेत्र में लगेगा.
नई दिल्ली: प्रयागराज में माघ मेला को लेकर तैयारियां जोरों पर है. प्रयागराज दौरे पर आए सीएम योगी आदित्यनाथ ने माघ मेला की तैयारियों का जायजा लिया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अगले महीने प्रयागराज में पहली बार माघ मेला 800 हेक्टेयर क्षेत्र में लगेगा.
माघ मेले को 800 हेक्टेयर क्षेत्रफल तक विस्तारित
इस दौरान सीएम योगी ने बड़ी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि मैंने अपने साथी मंत्रियों के साथ यहां पूरी व्यवस्था का निरीक्षण किया है. इस बार माघ मेला कुछ खास होगा. खास तौर पर 500 साल बाद 22 जनवरी को अयोध्या में राम जन्मभूमि पर भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम होने जा रहा है. इसके चलते प्रयागराज में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है. पहली बार माघ मेले को 800 हेक्टेयर क्षेत्रफल तक विस्तारित करने का काम किया गया है. छह सेक्टर बनाये गये हैं.
18,000 से अधिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने की व्यवस्था
सीएम योगी ने आगे बताया कि उचित जल निकासी की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में वर्तमान में एक जल निकासी पाइपलाइन स्थापित की जा रही है. इसके अलावा समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 18,000 से अधिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने की व्यवस्था की जा रही है. श्रद्धालुओं की स्वच्छता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे मेला क्षेत्र में 21,000 से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है.
खुद को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का सुनहरा अवसर
2024 के महाकुंभ से दुनिया भर की उम्मीदें जुड़ी हुई हैं. यह हमारे लिए खुद को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का सुनहरा अवसर है. आगामी कुंभ भारत की सांस्कृतिक भव्यता को दुनिया के सामने प्रदर्शित करेगा.अधिकारियों को उचित यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं. जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि माघ मेले के दौरान शहर में यातायात जाम न हो. पूरा आयोजन लगभग दो महीने तक चलेगा और इसमें छह प्रमुख स्नान दिवस शामिल होंगे. उन्होंने भव्य माघ मेले को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के लिए सभी भाग लेने वाले संगठनों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता को रेखांकित किया. माघ मेले में श्रद्धालुओं को शीर्ष स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराकर हम स्वच्छता और भव्य कुंभ का संदेश देने में सफल होंगे.
माघ मेला की तैयारियों का CM योगी ने लिया जायजा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में साल 2025 में लगने वाले कुंभ और इस वर्ष जनवरी में लगने वाले माघ मेला की तैयारियों को लेकर निरीक्षण किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने संगम क्षेत्र में किला घाट तथा अक्षय वट के पास हो रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया. साथ ही साथ कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये. इसके पूर्व मुख्यंमत्री योगी आदित्यनाथ ने संगम पर मोक्षदायनी मां गंगा का पूजन-अर्चन भी किया.