2024 लोकसभा चुनाव को लेकर MP कांग्रेस का ब्लूप्रिंट तैयार! जीतू पटवारी ने साझा किया पार्टी रिवाइवल प्लान
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी ने राज्य विधानसभा चुनाव के दौरान सरकारी धन का दुरुपयोग किया है. जिला पार्टी के नेताओं ने इस पर एक विस्तृत रिपोर्ट दी है.
नई दिल्ली: मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट गठन के बाद कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने BJP सरकार पर जमकर हमला बोला है. जीतू पटवारी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी ने राज्य विधानसभा चुनाव के दौरान सरकारी धन का दुरुपयोग किया है. जिला पार्टी के नेताओं ने इस पर एक विस्तृत रिपोर्ट दी है.
विधानसभा चुनाव के दौरान सरकारी धन का दुरुपयोग
भोपाल में पार्टी नेताओं के साथ बैठक के बाद जीतू पटवारी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि हमने विधानसभा चुनाव में करारी हार के कारणों के बारे में समीक्षा की. यह बात साफ है कि बीजेपी ने विधानसभा चुनाव के दौरान सरकारी धन का दुरुपयोग किया है. कांग्रेस के जिला इकाई के नेताओं ने इस पर एक विस्तृत रिपोर्ट भी दी है. आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी सकारात्मक रुख के साथ जनता के बीच जाएगी. हार के बाद भी कार्यकर्ता उत्साहित हैं. सबसे बड़ी बात यह है कि सभी जिला प्रभारियों को जो मूल मंत्र दिया गया है वह यह है कि अब कांग्रेस मैं नहीं बल्कि हम की मूल भावना के साथ आगे बढ़ेगी.
घर-घर पहुंचने का पांच सूत्रीय प्लान तैयार
जीतू पटवारी ने अपने बयान में आगे कहा कि पार्टी ने अपने विचारों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए पांच सूत्री का संकल्प लिया है. संघर्ष, संवाद, समन्वय. हम सब मिलकर यात्रा करके लोकसभा चुनाव में पार्टी की विचारधारा का प्रसार करेंगे. एक बार फिर हम सब देश की अस्मिता और लोकतंत्र की रक्षा के साथ आगे बढ़ेंगे.
पार्टी नेताओं के साथ जीतू पटवारी ने की अहम बैठक
कांग्रेस पार्टी की इस अहम बैठक में पार्टी विधायक, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, मध्य प्रदेश के एआईसीसी प्रभारी जितेंद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और अन्य नेता मौजूद थे.इस बीच एआईसीसी के राज्य प्रभारी बनने के बाद पहली बार भोपाल पंहुचे जितेंद्र सिंह ने कहा कि राज्य चुनावों में हार के बाद भी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं में अभी भी काफी उत्साह है. मैंने कई पार्टी कार्यकर्ताओं से बात की है और मुझे बहुत खुशी है कि कांग्रेस पार्टी ने पिछले विधानसभा चुनाव में भले ही अच्छा प्रदर्शन नहीं किया हो, लेकिन सभी कार्यकर्ताओं में अभी भी काफी उत्साह है. प्रदेश प्रभारी कुंवर जितेन्द्र भंवर सिंह की ओर से प्रदेश की कार्यकारिणी भंग की गई. अब नए सिरे से कार्यकारिणी का गठन होगा. प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का कहना है कि आगामी आदेश तक जिलाध्यक्ष पूर्व की तरह काम करते रहेंगे.