IMD Weather

गुजरात में शेर ने किसान पर किया हमला, आधा घंटे तक जबड़े में दबाए रखा हाथ; वीडियो में देखें आखिर कैसे बची जान?

गुजरात के भावनगर में एशियाई शेर ने एक मवेशी पालक पर हमला कर उसे घायल कर दिया. घायल खतरे से बाहर है, जबकि वन विभाग शेर को पकड़ने के अभियान में जुटा है.

@NationwithAnu
Sagar Bhardwaj

गुजरात के भावनगर जिले में सोमवार सुबह एक एशियाई शेर के हमले में मवेशी पालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में शेर घायल व्यक्ति के हाथ को अपने जबड़ों में दबाए दिखाई देता है, जबकि आसपास मौजूद लोग उसे भगाने की कोशिश करते नजर आते हैं. यह घटना पालिताना तालुका के गराजिया गांव में हुई.

शेर ने क्यों किया हमला? वन विभाग ने बताया

वन अधिकारियों के अनुसार घायल की पहचान कालूभाई परमार के रूप में हुई है. वह सुबह अपने मवेशियों को चारा डालने गए थे, तभी शेर ने उन पर हमला कर दिया. शेत्रुंजी वन्यजीव प्रभाग के उप वन संरक्षक चिराग अमीन ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा लगता है कि शेर को किसी कारण उकसाया गया, जिससे वह घबरा गया और उसने हमला कर दिया. उन्होंने कहा कि यह इलाका वन्यजीवों की आवाजाही वाला क्षेत्र है और सामान्य स्थिति में शेर सुरक्षित रूप से आगे निकल सकता था.


आधे घंटे तक जबड़े में दबाए रखा हाथ

अस्पताल में भर्ती कालूभाई परमार ने बताया कि शेर ने पहले उन्हें जमीन पर गिराया और फिर उनके हाथ को जबड़ों में दबा लिया. उनका दावा है कि करीब आधे घंटे तक शेर ने हाथ नहीं छोड़ा और बाद में पकड़ ढीली होने पर वह किसी तरह बचकर निकल सके. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शेर ने एक अन्य व्यक्ति पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह बच निकला.

 रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

वन विभाग ने वायरल वीडियो में दिख रहे शेर की पहचान एक कम उम्र के नर एशियाई शेर के रूप में की है. उसे सुरक्षित पकड़ने के लिए पशु चिकित्सक, ट्रैंक्विलाइजर गन, वन अधिकारी और कर्मचारियों की टीम पिंजरों के साथ इलाके में अभियान चला रही है. अधिकारियों के अनुसार घायल का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है.