menu-icon
India Daily

कोलकाता में हिंदू-मुस्लिमों की जन्माष्टमी पूजा पर हिंदुओं का कब्जा! भाजपा नेता ने संभाला मोर्चा

कोलकाता के मोमिनपुर में करीब छह दशक पुरानी जन्माष्टमी पूजा को लेकर इस बार आयोजन समिति में बड़ा बदलाव हुआ है. भाजपा नेता राकेश सिंह की अगुवाई में बनी नई समिति में केवल हिंदू सदस्य रखे गए हैं.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
कोलकाता में हिंदू-मुस्लिमों की जन्माष्टमी पूजा पर हिंदुओं का कब्जा! भाजपा नेता ने संभाला मोर्चा
Courtesy: ANI & Pinterest

कोलकाता के बंदरगाह इलाके में जन्माष्टमी का आयोजन इस बार चर्चा में है. करीब 57 सालों से यहां हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग मिलकर इस उत्सव में हिस्सा लेते रहे हैं. लेकिन इस बार आयोजन की जिम्मेदारी भाजपा नेता राकेश सिंह ने संभाली है और समिति में सिर्फ हिंदू सदस्यों को शामिल किया गया है और सभी मुसलमानों को हटा दिया है.

करीब 6 दशक पुरानी परंपरा में बदलाव

मोमिनपुर में भुकाइलाश रोड और हुसैन शाह रोड के चौराहे पर होने वाली जन्माष्टमी पूजा की शुरुआत करीब 60 साल पहले मुस्लिम सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद काशिम ने किद्दरपुर समाज कल्याण समिति के तहत की थी. स्थानीय लोगों के मुताबिक, लंबे समय तक दोनों समुदायों के लोग आयोजन में साथ शामिल होते रहे. 2011 के बाद मुस्लिम युवाओं के प्रयास से उत्सव को फिर से गति मिली.

राकेश सिंह ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी

पोर्ट विधानसभा क्षेत्र से हालिया चुनाव हार चुके भाजपा नेता राकेश सिंह इस बार आयोजन के मुख्य अतिथि हैं और उन्होंने पूजा की जिम्मेदारी भी संभाली है. उनका कहना है कि, 'हमारे धर्म का सम्मान हमसे बेहतर कोई नहीं कर सकता. पिछले पंद्रह सालों से हमने देखा है कि हिंदू त्योहारों से संबंधित प्रत्येक समिति में मुसलमान ही शीर्ष पर रहे हैं. जैसे कि फिरहाद हकीम तारकेश्वर पूजा समिति के प्रमुख थे. अब समय आ गया है कि हिंदू अपने त्योहार अपनी इच्छा अनुसार मनाएं. हम किसी अन्य समुदाय के रीति-रिवाजों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहते और न ही हम किसी अन्य समुदाय को अपने रीति-रिवाजों में हस्तक्षेप करने देंगे.'

मुस्लिम की भागीदारी का विरोध...

सिंह ने आगे कहा कि, 'अगर कोई मुसलमान या संस्था अपने घरों में भगवान कृष्ण की पूजा करना चाहता है, तो हमें इस पर कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन कोलकाता बंदरगाह क्षेत्र में किसी भी संस्था या पूजा समिति में किसी भी मुसलमान की भागीदारी का हम निश्चित रूप से विरोध करेंगे.'

नई समिति ने दावों को बताया गलत

नई समिति के सदस्य शिबुलल पासवान ने मुस्लिम सदस्यों की मौजूदगी के दावे से इनकार किया है. उनका कहना है कि, 'मुसलमान खुशी-खुशी पूजा में भाग ले सकते हैं। वे दान या चंदा देने में भी हिस्सा ले सकते हैं। बहुत समय पहले एक मुस्लिम व्यक्ति जन्माष्टमी पूजा के आयोजन का जिम्मा संभालता था। लेकिन उनकी मृत्यु के बाद समिति में कोई मुस्लिम नहीं रहा.'