menu-icon
India Daily

'सिया के खिलाफ कोई प्रत्यक्ष सबूत नहीं', केतन केस में बचाव पक्ष के वकील का बड़ा दावा

केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया मोड़ आया है. मुख्य आरोपी सिया गोयल के वकील ने दावा किया है कि उनके खिलाफ कोई प्रत्यक्ष सबूत या चश्मदीद गवाह नहीं है. वहीं पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है.

KanhaiyaaZee
'सिया के खिलाफ कोई प्रत्यक्ष सबूत नहीं', केतन केस में बचाव पक्ष के वकील का बड़ा दावा
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: महाराष्ट्र में चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड लगातार नए खुलासों के कारण सुर्खियों में बना हुआ है. अब इस मामले में मुख्य आरोपी सिया गोयल की ओर से बड़ा दावा किया गया है. उनके वकील का कहना है कि जांच एजेंसियों के पास ऐसा कोई प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं है जो सिया को अपराध से सीधे जोड़ सके. दूसरी ओर पुलिस का दावा है कि कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्य मामले की परतें खोल रहे हैं. ऐसे में जांच अब और भी महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंच गई है.

सिया गोयल के वकील आशुतोष श्रीवास्तव ने कहा कि अभी तक ऐसा कोई स्वतंत्र गवाह सामने नहीं आया है जिसने घटना को अपनी आंखों से देखा हो. उनका कहना है कि जांच जारी है और इस स्तर पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी मुवक्किल जांच में पूरा सहयोग कर रही हैं.

पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों पर भरोसा

पुणे ग्रामीण पुलिस का कहना है कि मामले में कई महत्वपूर्ण डिजिटल और तकनीकी सबूत सामने आए हैं. जांच अधिकारियों के अनुसार सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच पिछले छह महीनों में लगातार संपर्क बना रहा. पुलिस इन रिकॉर्ड्स को जांच का अहम हिस्सा मान रही है और इनके आधार पर घटनाक्रम को समझने का प्रयास कर रही है.

कॉल रिकॉर्ड ने बढ़ाए सवाल

जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच छह महीनों के दौरान 2,004 बार फोन पर बातचीत हुई. पुलिस के अनुसार कुल बातचीत का समय करीब 238 घंटे रहा. कई बार फोन कॉल कई घंटों तक चलीं. अधिकारियों का मानना है कि यह लगातार संपर्क मामले की पृष्ठभूमि को समझने में मदद कर सकता है.

18 जून को क्या हुआ था

जानकारी के अनुसार 18 जून को 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले से गिरने के बाद मौत हो गई थी. उस समय वह अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ वहां मौजूद थे. घटना के बाद पुलिस ने कई पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू की और अब तक कई लोगों से पूछताछ की जा चुकी है.

जांच का दायरा लगातार बढ़ा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सच्चाई तक पहुंचने के लिए कई टीमें अलग-अलग स्तर पर काम कर रही हैं. सिया गोयल के परिवार और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसियों का दावा है कि सभी तथ्यों की गहराई से जांच की जा रही है ताकि अदालत के सामने पूरी तस्वीर स्पष्ट रूप से रखी जा सके.