उज्बेकिस्तान में केरल की मेडिकल छात्रा की उसके क्लासमेट ने की हत्या, परिवार ने धर्म परिवर्तन के दबाव का लगाया आरोप

उज्बेकिस्तान में केरल की 21 वर्षीय मेडिकल छात्रा सावरिया बसंत की कथित हत्या के बाद परिवार ने धर्म परिवर्तन के दबाव और बेरहमी से हमले का आरोप लगाया है. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.

Pinterest (Representative image)
Km Jaya

केरल: उज्बेकिस्तान में पढ़ाई कर रही केरल की 21 वर्षीय मेडिकल छात्रा सावरिया बसंत की मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. छात्रा की कथित तौर पर उसके ही सहपाठी द्वारा हत्या किए जाने के बाद परिवार ने मामले की गहन जांच की मांग की है. परिजनों का आरोप है कि छात्रा पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा था और उसकी बेहद बेरहमी से हत्या की गई.

जानकारी के अनुसार सावरिया बसंत उज्बेकिस्तान में मेडिकल की पढ़ाई कर रही थीं. आरोप है कि किसी बात को लेकर उनकी अपने सहपाठी सदरुल अनम से बहस हो गई. इसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. आरोपी भी केरल के मलप्पुरम जिले का रहने वाला बताया जा रहा है.

परिजनों ने क्या लगाया आरोप?

छात्रा का शव भारत लाए जाने के बाद परिवार ने अलाप्पुझा पुलिस से मामले की दोबारा जांच कराने की मांग की. परिजनों का कहना है कि उन्हें उज्बेकिस्तान में जांच कर रहे अधिकारी से जो जानकारी मिली, वह शुरुआती रिपोर्ट से कहीं अधिक गंभीर है.


सावरिया के चाचा जनीश ने क्या बताया?

सावरिया के चाचा जनीश ने बताया कि जांच अधिकारी के अनुसार छात्रा के शरीर पर सिर से लेकर पैर तक चोट के निशान थे. उनका कहना है कि यह एक सामान्य हमला नहीं था, बल्कि लंबे समय तक बेरहमी से की गई मारपीट का मामला प्रतीत होता है. उन्होंने दावा किया कि जांच के दौरान कुछ छात्रों ने यह भी बताया कि आरोपी छात्रा पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था, लेकिन उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया था.

परिवार का कहना है कि यह जानकारी उज्बेकिस्तान में मौजूद भारतीय दूतावास के अधिकारी को भी दी गई थी. हालांकि अब तक इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच एजेंसियां सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं.

क्या थी हत्या की वजह?

परिजनों ने यह भी बताया कि मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में लड़के और लड़कियां एक ही इमारत में अलग-अलग मंजिलों पर रहते थे. उनका कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन छात्रा के शरीर पर मिले कई चोटों के निशान गंभीर हिंसा की ओर इशारा करते हैं.

परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. स्थानीय अस्पताल में शव का दूसरा पोस्टमार्टम भी कराया गया है. परिजन मांग कर रहे हैं कि मामले की जांच भारत में भी की जाए और आरोपी को उज्बेकिस्तान से भारत लाकर कानूनी कार्रवाई की जाए. फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.