हरिद्वार में कांवड़ यात्रा रूट पर मस्जिदों और मजारों को ढकवाया, कुछ देर बाद हटाकर पुलिस बोली- 'गलती' हो गई

Haridwar Mosques Covered: हरिद्वार में कांवड़ यात्रा रूट पर मस्जिदों और मजारों को शुक्रवार को ढक दिया गया. हालांकि, कुछ घंटे बाद ही कवर को हटा लिया गया. बाद में हरिद्वार पुलिस का इस संबंध में बयान आया कि ये गलती थी, जिसे सुधार लिया गया है. उधर, प्रशासन की ओर से दावा किया गया है कि मस्जिदों और मजारों को ढकने के लिए कोई आदेश जारी नहीं किया गया था.

Social Media
India Daily Live

Haridwar Mosques Covered: हरिद्वार में चल रही कांवड़ यात्रा के रूट पर दो मस्जिदों और एक मजार को शुक्रवार सुबह बड़ी सफेद चादरों से ढक दिया गया. हालांकि, शाम तक जिला प्रशासन ने चादरें हटा दीं, पुलिस ने कहा कि जो कुछ हुआ वह एक गलती थी. उधर, प्रशासन ने दावा किया कि उन्होंने चादरें लगाने का कोई आदेश जारी नहीं किया था. वहीं, हरिद्वार जिले के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि ये कदम किसी भी आंदोलन या अशांति को रोकने और कांवड़ यात्रा को सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया था.

हरिद्वार में यात्रा मार्ग शहर के ज्वालापुर क्षेत्र से होकर गुजरता है, जहां मस्जिद और मजार स्थित हैं. इस कदम के बारे में पूछे जाने पर सतपाल महाराज ने कहा कि अगर ऐसा किया जाता है, तो इसका उद्देश्य कोई आंदोलन या भड़कना नहीं है. ये ध्यान में रखा गया है कि हमारी कांवड़ यात्रा सुचारू रूप से चले. जब कोई निर्माण होता है, तो उस ढांचे को भी ढक दिया जाता है... हमने यहां भी यही किया है और देखेंगे कि हमें क्या प्रतिक्रिया मिलती है. हम उसका स्टडी करेंगे.

हालांकि, हरिद्वार के एसपी (सिटी) स्वतंत्र कुमार ने बताया कि ऐसा करने का कोई आदेश नहीं था, न तो जिला प्रशासन की ओर से और न ही पुलिस की ओर से. कुमार ने कहा कि हमने संबंधित पक्ष से भी बात की है और कवर हटा दिए हैं. हमने स्थानीय लोगों से भी बात की है. यात्रा मार्ग पर बैरिकेड लगाए जा रहे थे और उसमें कोई चूक हुई होगी, जिसके कारण कवर लगाए गए. यह जानबूझकर नहीं किया गया था.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

हरिद्वार में कांवड़ रूट पर मस्जिद और मजार को चादरों से छिपाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. वीडियो में उत्तराखंड की राम नगर स्थित एक मस्जिद और दुर्गा चौक पर स्थित एक मजार को चादर के जरिए छिपाने की कोशिश की गई है. इससे पहले स्थानीय प्रशासन ने कहा था कि राज्य सरकार के आदेश पर मस्जिदों और मजारों को सफेद चादरों से ढका गया है. वहीं, प्रशासन की ओर से कहा गया था कि कांवड़ यात्रा के दौरान शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए ऐसा किया गया है.