कानपुर में छात्र के साथ तालिबानी सलूक; 12 लोगों के साथ मिलकर पुलिसकर्मी ने MCA के स्टूडेंट को पीटा, चेहरे पर किया पेशाब

कानपुर में मास्टर्स इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (MCA) के छात्र के साथ तालिबानी सलूक का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक हेड कांस्टेबल ने 12 अन्य लोगों के साथ मिलकर छात्र की पिटाई की. पिटाई के बाद सभी ने छात्र के मुंह पर पेशाब किया और उसे डराने के लिए फायरिंग भी की.

Om Pratap

Kanpur head constable 12 other people beat student urinates in his mouth: कानपुर में एक छात्र के साथ तालिबानी सलूक का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक हेड कॉन्स्टेबल ने 12 अन्य लोगों के साथ मिलकर छात्र की जमकर पिटाई की. इसके बाद सभी आरोपियों ने छात्र के चेहरे पर बारी-बारी से पेशाब भी किया. आरोप के मुताबिक, छात्र को डराने के लिए उस पर फायरिंग भी की गई. गोली छात्र के कान के पास से होकर गुजरी. मामले में संयुक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) नीलाब्जा चौधरी ने बताया कि शिकायत के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें लोकल इंटेलिजेंस यूनिट में तैनात हेड कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र यादव भी शामिल है. 

पुलिस ने मंगलवार को जानकारी दी कि पुराने विवाद के मामले में आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया है. दरअसल, आरोपी हेड कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र यादव के बेटे हिमांशु यादव और पीड़ित छात्र आयुष द्विवेदी के बीच मारपीट हुई थी. इसके बाद हिमांशु यादव, आयुष की पिटाई का प्लान बना रहा था. इसी विवाद में हिमांशु के पिता हेड कान्स्टेबल ने अन्य 12 लोगों के साथ मिलकर आयुष द्विवेदी का पहले अपहरण किया. इसके बाद उसे सुनसान इलाके में ले जाया गया, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट भी की गई. घटना के बाद पीड़ित छात्र की शिकायत के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया.

छात्र ने पुलिस को दी गई शिकायत में क्या कहा?

मास्टर्स इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) के पीड़ित छात्र के मुताबिक, आरोपियों ने सिविल लाइंस इलाके से उसका अपहरण कर लिया. पीड़ित के मुताबिक, उसका अपहरण तब किया गया, जब वो किसी से मिलने गया था. छात्र के मुताबिक, आरोपी उसे कार से करीब पांच किलोमीटर दूर कूपरगंज ले गए, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई. बताया जा रहा है कि पिछले साल जब पीड़ित छात्र और हिमांशु यादव के बीच मारपीट हुई थी, तब हिमांशु के पिता ने आयुष द्विवेदी के खिलाफ धारा 307 के तहत मामला दर्ज कराया था. 

वहीं, पुलिस ने कहा कि सभी आरोपी एमसीए छात्र का अपहरण करने के बाद कूपरगंज के पास रेलवे ट्रैक पर ले गए. यहां 23 साल के छात्र की जमकर पिटाई की गई. छात्र को पेशाब पीने के लिए मजबूर किया गया और उससे थूक भी चटवाया गया. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने छात्र की पिटाई के बाद उस पर फायरिंग भी की. एक गोली उसके कान के पास से गुजरी. फिलहाल, छात्र की शिकायत के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है.