'हमास को घोषित करें आतंकी संगठन', भारत में इजरायल के राजदूत ने की मांग

गिलोन ने कहा कि हम हमास का सफाया जारी रखेंगे. संघर्ष विराम बंधकों की रिहाई के लिए था. एक बार जब हमास बंधक रिहा करना बंद कर देंगे, तो हम वही करेंगे जो हम पहले से कर रहे थे.

Vineet Kumar

Israeli Ambassador Naor Gilon asking India: भारत में इजरायल के राजदूत ने भारत से हमास को आतंकी संगठन घोषित करने की मांग की है. नाओर गिलोन ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत की और भारत से हमास को आतंकी संगठन के रूप में नॉमिनेट करने की मांग की. उन्होंने हमास के साथ युद्धविराम के बाद इजराइल की रणनीति, हमास के संबंध में भारत से उनकी अपेक्षाओं और उच्च-स्तरीय यात्राओं के लिए अपनी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी.

राजदूत गिलोन ने युद्धविराम के बाद गाजा संघर्ष में इजरायल की आगामी रणनीति के बारे में भी बात की. उन्होंने कहा कि युद्धविराम समाप्त होने के बाद इजरायली सेना दक्षिणी गाजा में हमास के बुनियादी ढांचे को नष्ट करने के लिए अभियान फिर से शुरू करेगी. गिलोन ने हमास को मुंहतोड़ जवाब देने के बारे में बात करते हुए काह कि जिस वक्त युद्धविराम खत्म होगा, हम पिछले मिशन पर जा रहे होंगे. 

गिलोन बोले- युद्धविराम बंधकों की रिहाई के लिए था

गिलोन ने कहा कि हम हमास का सफाया जारी रखेंगे. संघर्ष विराम बंधकों की रिहाई के लिए था. एक बार जब हमास बंधक रिहा करना बंद कर देंगे, तो हम वही करेंगे जो हम पहले से कर रहे थे. गिलोन ने ईरान पर भी निशाना साधते हुए उसे सांप का सिर बताया. 

उन्होंने कहा कि ईरान इस क्षेत्र में होने वाली हर चीज से जुड़ा हुआ है. ईरान सांप का सिर है. इन सभी आतंकवादियों को ईरान ही ट्रेंड करता है और हथियार उपलब्ध कराता है. उन्होंने दावा किया कि लेबनान में हिजबुल्लाह हो, यमन में हौथिस हो, सीरिया में शिया मिलिशिया हो या फिर गाजा में हमास हो, सभी को ईरान ही हथियार मुहैया कराता है.

गिलोन बोले- हमास बताए, मृतकों में कितने नागरिक, कितने आतंकी?

गिलोन ने गाजा के अधिकारियों के उन दावों को भी खारिज कर दिया कि इजरायल के हमले में निर्दोष नागरिक मारे जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि हमास हताहतों की संख्या का ब्योरा क्यों नहीं दे रहा है कि मृतकों में कितने नागरिक हैं और कितने आतंकी हैं. वहीं, भविष्य की योजनाओं और रणनीति पर, दूतावास के एक सैन्य अधिकारी ने कहा कि वे दक्षिणी गाजा में फिर ऑपरेशन शुरू करेंगे.

ये पूछे जाने पर कि नागरिकों का क्या होगा? उन्होंने कहा कि इजरायली रक्षा बल दक्षिण गाजा में अभियान चलाते समय नागरिक सुरक्षा की रक्षा के लिए हर उपाय करेंगे. उन्होंने कहा कि नागरिकों को खाली जगहों और समुद्र तटों पर ले जाया जाएगा. उन्हें उत्तर की ओर ले जाने के लिए एक ह्यूमन कॉरिडोर बनाया जाएगा.

राजदूत बोले- हमें भारत से उम्मीद

गिलोन ने उम्मीद जताई कि भारत हमास को एक आतंकवादी संगठन के रूप में नामित करेगा. गिलोन ने स्थिति की गंभीरता पर बातचीत करते हुए कहा कि हमारे दो टार्गेट हैं, पहला- हमास को खत्म करना, दूसरा- हमास के कब्जे से बंधकों की रिहाई कराना. उन्होंने ये भी कहा कि इज़राइल ने हाल ही में अपनी इच्छा से और भारत के अनुरोध के बिना लश्कर-ए-तैयबा को आतंकवादी संगठन घोषित किया था.

गिलोन बोले- भारत पर भी प्रभाव डाल रहा हमास

राजदूत गिलोन ने कहा कि हमास भारत पर भी प्रभाव डाल रहा है और उन्होंने केरल का उदाहरण दिया, जहां हमास नेता खालिद मशाल ने केरल के मलप्पुरम में सॉलिडेरिटी यूथ मूवमेंट की ओर से आयोजित एक रैली में वर्चुअली भाग लिया था. उन्होंने ये जानकारी भी दी कि इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग जलवायु परिवर्तन सम्मेलन के दौरान दुबई में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर सकते हैं. अगर ये मुलाकात होती है तो भारत-इजरायल द्विपक्षीय रिश्ते और मजबूत हो सकते हैं.