'कुछ ही महीनों में बदलने वाली है देश की सियासत', राहुल गांधी का बड़ा बयान

राहुल गांधी ने कहा कि आर्थिक संकट के कारण सरकार घुटनों पर आ जाएगी और सियासत का केंद्र अमीर-गरीब हो जाएगा.

congress
Sagar Bhardwaj

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि अगले कुछ महीनों में देश की राजनीति बदलने वाली है. उन्होंने कहा कि आर्थिक संकट के कारण सरकार घुटनों पर आ जाएगी और सियासत का केंद्र अमीर-गरीब हो जाएगा. कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग की नेशनल एडवाइजरी काउंसिल की बैठक में बोलते हुए ये बात कही. दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में हुई इस बैठक में अल्पसंख्यक समाज से आने वाले कांग्रेस के करीब 50 नेता मौजूद थे.

अमीरी-गरीबी बनेगा देश की राजनीति का केंद्र

सूत्रों के मुताबिक राहुल ने इस बैठक में कहा कि कुछ ही महीनों में देश की राजनीति बदलने वाली है. आर्थिक संकट से सरकार घुटनों पर आ जाएगी. कहा जा रहा है कि बैठक के दौरान राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं को निर्देश दिया कि वे अल्पसंख्यकों के खिलाफ होने वाली घटनाओं पर निडर होकर आवाज उठाएं.

साझी शहादत-साझी विरासत अभियान चलाएगी कांग्रेस

सूत्रों की मानें तो सांसद व वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि अल्पसंख्यकों पर होने वाले अत्याचार के मामलों में उनकी टीम तत्काल कानूनी कार्रवाई करने के लिए तत्पर होगी. वहीं सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की काट के लिए कांग्रेस आने वाले दिनों में साझी शहादत-साझी विरासत नाम से देशव्यापी अभियान की शुरुआत करेगी. अल्पसंख्यक कांग्रेस के अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी इस अभियान की अगुवाई करेंगे.

पेट्रोल-डीजल के दामों को लेकर हमलावर कांग्रेस

कांग्रेस पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार के खिलाफ लगातार हमलावर है. शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस के रिसर्च डिपार्टमेंट के प्रमुख राजीव गौड़ा ने कहा कि आज भारत की जनता देख रही है और सोच रही है कि सबसे पहले शतक कौन बनाएगा? पेट्रोल की कीमत या रुपया-डॉलर का भाव. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने एक हफ्ते में पेट्रोल की कीमतों में 5 रुपए की बढ़ोत्तरी कर आम  जनता की कमर तोड़ दी है.  मोदी सरकार के इन कदमों के जवाब में भारत की जनता को जोरदार प्रतिक्रिया देने की जरूरत है.