menu-icon
India Daily

'अब सिर्फ 1 प्रतिशत काम बाकी', क्या आज फाइनल होगी भारत-अमेरिका ट्रेड डील? अमेरिकी राजदूत ने दिया बड़ा अपडेट

भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही व्यापार वार्ता अब अंतिम चरण में पहुंच गई है. भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि समझौते का लगभग पूरा काम हो चुका है और अब केवल आखिरी एक प्रतिशत प्रक्रिया बाकी है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
'अब सिर्फ 1 प्रतिशत काम बाकी', क्या आज फाइनल होगी भारत-अमेरिका ट्रेड डील? अमेरिकी राजदूत ने दिया बड़ा अपडेट
Courtesy: ANI

भारत और अमेरिका के बीच बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौते को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. करीब 18 महीने से जारी बातचीत अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है. अमेरिकी पक्ष ने संकेत दिया है कि दोनों देशों के बीच समझौते का अधिकांश काम पूरा हो चुका है. भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि अब केवल अंतिम औपचारिकताएं बची हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि यह समझौता दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई मजबूती देगा और व्यापारिक सहयोग के लिए नए अवसर खोलेगा.

समझौता अंतिम दौर में पहुंचा

यूएस-इंडिया स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप फोरम लीडरशिप समिट को संबोधित करते हुए अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील अपने अंतिम चरण में है. उनके अनुसार अधिकांश मुद्दों पर सहमति बन चुकी है और अब केवल कुछ बिंदुओं पर अंतिम प्रक्रिया पूरी की जानी है. उन्होंने इसे समझौते का आखिरी एक प्रतिशत हिस्सा बताया.

18 महीने की बातचीत के बाद उम्मीद बढ़ी

राजदूत गोर ने कहा कि इस समझौते पर पिछले करीब 18 महीनों से लगातार काम किया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर व्यापक परिप्रेक्ष्य में देखा जाए तो दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंध दो दशक से भी अधिक समय से मजबूत होते रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस डील को जल्द अंतिम रूप देना उनकी प्राथमिकता है.

मोदी-ट्रंप संबंधों का किया जिक्र

सर्जियो गोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच अच्छे व्यक्तिगत संबंधों की भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच बेहतर तालमेल द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा दे रहा है. उनके अनुसार यह सकारात्मक रिश्ता भविष्य में दोनों देशों के सहयोग को और मजबूत बना सकता है.

भारत यात्रा को लेकर ट्रंप की यादें

अमेरिकी राजदूत ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप अपनी पिछली भारत यात्रा को आज भी याद करते हैं. उनके मुताबिक ट्रंप उस दौरे को अपने सबसे यादगार विदेशी दौरों में से एक मानते हैं और भारत के प्रति उनके मन में विशेष सम्मान है. गोर ने कहा कि वह भविष्य में ट्रंप की संभावित भारत यात्रा का इंतजार कर रहे हैं.

क्वाड बैठक पर भी दिया बड़ा अपडेट

समिट के दौरान सर्जियो गोर ने जानकारी दी कि लगभग दो सप्ताह बाद फिलीपींस में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक आयोजित होगी. इस बैठक में क्षेत्रीय सहयोग और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. इसे इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.