Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assam Assembly Election 2026

Delhi Assembly Elections: दिल्ली में बीजेपी सत्ता में आई तो अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों से मुक्त कर देगी: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को आम आदमी पार्टी को ‘अवैध आमदनी वाली पार्टी’ बताया और आरोप लगाया कि पार्टी ने वोट पाने के लिए झूठ फैलाने के अलावा कुछ नहीं किया तथा दिल्ली में अपने 10 साल के शासन के दौरान अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में भ्रष्टाचार में लिप्त रही.

x
Garima Singh

नयी दिल्ली, 26 जनवरी : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को आम आदमी पार्टी को ‘अवैध आमदनी वाली पार्टी’ बताया और आरोप लगाया कि पार्टी ने वोट पाने के लिए झूठ फैलाने के अलावा कुछ नहीं किया तथा दिल्ली में अपने 10 साल के शासन के दौरान अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में भ्रष्टाचार में लिप्त रही.

नरेला विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने लोगों से कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के ‘कुशासन’ को समाप्त करने के लिए उसे सत्ता से हटाएं.

उन्होंने कहा कि भाजपा अगले महीने होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता में आई तो अपने सभी चुनावी वादों को पूरा करते हुए दिल्ली को दुनिया की नंबर एक राजधानी बनाएगी तथा दिल्ली को अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों एवं रोहिंग्या से मुक्त कराएगी.

शनिवार को शहर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने आप सरकार पर अपने नियंत्रण वाले जिला प्रशासन की मदद से अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों और रोहिंग्याओं को शरण देने का आरोप लगाया था.

नरेला से भाजपा उम्मीदवार राजकरण खत्री के लिए रविवार को प्रचार करते हुए शाह ने कहा, ‘‘केजरीवाल ने केवल वोट पाने के लिए झूठ बोला...आप का मतलब ‘अवैध आमदनी वाली पार्टी’ है.’’

गृह मंत्री ने यह आरोप भी लगाया कि केजरीवाल के नेतृत्व में आप सरकार ने लोगों से केवल झूठ बोला और भ्रष्टाचार में लिप्त रही.

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पूरी दिल्ली आज गंदे पानी की आपूर्ति और जल भराव से संघर्ष कर रही है। स्कूल खत्म हो गए हैं। अस्पतालों में पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं.’’

शाह ने कहा कि केजरीवाल नीत ‘आप’ के तहत दिल्ली में शासन व्यवस्था पिछले 10 वर्षों में खराब हुई है, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार के कारण पार्टी शासित राज्यों में प्रगति हुई है.

उन्होंने यह भी कहा कि देश ने नरेन्द्र मोदी को आशीर्वाद दिया और उन पर भरोसा जताकर तीसरी बार उन्हें देश का प्रधानमंत्री बनाया.

शाह ने कहा कि ऐसा इसलिए है क्योंकि मोदी जो कहते हैं, वह करते हैं.

उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा, ‘‘दिल्ली में भी एक बार उन्हें आशीर्वाद दीजिए। दिल्ली दुनिया की नंबर एक राजधानी बन जाएगी। खत्री साहब को विजयी बनाएं। इस बार उनके (‘आप’ के) जाने का समय है.’’

शाह ने आप पर दिल्ली में उसके शासन के दौरान करोड़ों रुपयों के घोटालों में लिप्त रहने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘मैं आपसे वादा करता हूं कि आप भाजपा को जिताएं और दो साल में हम दिल्ली को अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों तथा रोहिंग्या से मुक्त करा देंगे.’’

उन्होंने कहा, ‘‘(पूर्व) शिक्षा मंत्री (मनीष सिसोदिया) ने युवा पीढ़ी को बरबाद करने के लिए स्कूलों, मंदिरों और गुरुद्वारों के पास शराब की दुकानें खुलवाईं, साथ ही करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार भी किया. लेकिन आखिर में ‘बड़े मियां’ (केजरीवाल) और ‘छोटे मियां’ (सिसोदिया) दोनों को जेल में डाल दिया गया.’’

शाह ने यह दावा भी किया कि आप नेता न केवल शराब घोटाले में लिप्त रहे, बल्कि उन्होंने दिल्ली जल बोर्ड, राशन वितरण, डीटीसी बसों की खरीद तथा स्कूलों में कक्षाओं के निर्माण में करोड़ों रुपये के घोटाले भी किए.

केजरीवाल पर उनके मुख्यमंत्री रहते हुए उनके सरकारी बंगले के नवीनीकरण में कथित घोटाले को लेकर हमला बोलते हुए गृह मंत्री ने वहां उपस्थित लोगों से पूछा, ‘‘क्या आपमें से किसी के घर में 6 करोड़ रुपये का डिजाइनर मार्वल है, या 4-6 करोड़ रुपये के मोटर चालित पर्दे हैं, या 70 लाख रुपये के दरवाजे हैं जो ताली बजाने पर खुलते हैं?’’

उन्होंने कहा, ‘‘क्या आपके यहां 50 लाख रुपये का कालीन, 15 करोड़ रुपये की पानी की व्यवस्था, 10 लाख रुपये का सोफा है? ये सभी चीजें (केजरीवाल के) ‘शीश महल’ में थीं.’’

उन्होंने कहा, ‘‘केजरीवाल, आपकी सरकार जल्द ही जाने वाली है और भाजपा सत्ता में आने वाली है.’’

70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 5 फरवरी को मतदान होगा और नतीजे 8 फरवरी को आएंगे.

(इस खबर को इंडिया डेली लाइव की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की हुई है)