हैदराबाद: हैदराबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 29 साल की महिला ने कथित तौर पर अपने दो बेटों की हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली. यह घटना मंगलवार को सामने आई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस के मुताबिक इस भयानक वारदात के पीछे लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक विवाद वजह माना जा रहा है.
मृतकों की पहचान 29 साल की एस. बनोथ श्रावंती और उनके दो बेटों 12 साल के कार्तिक और 10 साल के कौशिक के तौर पर हुई है. पुलिस की जांच में पता चला है कि श्रावंती की शादी करीब 13 साल पहले बोडा प्रवीण से हुई थी. हालांकि कुछ समय से इस जोड़े के बीच लगातार झगड़े हो रहे थे. इन झगड़ों की मुख्य वजह प्रवीण की दूसरी शादी बताई जा रही है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक लगातार झगड़ों से परेशान होकर, श्रावंती कुछ दिन पहले अपने बच्चों के साथ वारंगल स्थित अपने मायके चली गई थी. बाद में, परिवार के बड़ों की समझाने-बुझाने पर, वह सोमवार रात अपने पति के साथ हैदराबाद लौट आई लेकिन यह दुखद घटना ठीक अगले ही दिन घट गई.
पुलिस के अनुसार जब प्रवीण मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे काम से घर लौटे, तो उन्होंने देखा कि दरवाज़ा अंदर से बंद है. कई बार आवाज लगाने के बाद भी उन्हें कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद पड़ोसियों की मदद से उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया. अंदर का नजारा देखकर वहां मौजूद हर कोई सन्न रह गया.
घर के अंदर श्रावंती और दोनों बच्चों के शव फंदे से लटके मिले. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि महिला ने खुदकुशी की है, जबकि बच्चों की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी.
बालानगर के ACP पी. नरेश रेड्डी ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं से जांच कर रही है और खास तौर पर इस बात की जांच कर रही है कि क्या महिला ने अपनी जान लेने से पहले अपने बच्चों की हत्या की थी. इस बीच कुकटपल्ली के DCP रीति राज ने बताया कि पति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया जाएगा.
पुलिस का मानना है कि घरेलू झगड़े और मानसिक तनाव इस घटना के पीछे मुख्य कारण हो सकते हैं. फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.