33 डिग्री की भयंकर गर्मी में हुडी पहने दिखा चेतन, पुलिस ने CCTV फुटेज से लगाया पता
महाराष्ट्र के पुणे के प्रसिद्ध लोहागड़ किले में 26 वर्षीय बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की मौत पहले ट्रेकिंग एक्सीडेंट लग रही थी, लेकिन अब यह एक सोची-समझी साजिश का मामला बन गया है.
पुणे: महाराष्ट्र के पुणे के प्रसिद्ध लोहागड़ किले में 26 वर्षीय बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की मौत पहले ट्रेकिंग एक्सीडेंट लग रही थी, लेकिन अब यह एक सोची-समझी साजिश का मामला बन गया है. पुलिस जांच में पता चला कि केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन को किले की खाई में धक्का देकर मार डाला.
18 जून को घटना हुई थी. सीसीटीवी फुटेज में केतन और सिया किले की तरफ जाते दिखे. उनके पीछे एक हूड वाली जैकेट पहने आदमी भी चल रहा था. पुलिस को यह आदमी संदिग्ध लगा क्योंकि उस दिन मौसम बहुत गर्म था, तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास था, फिर भी वह हूड चढ़ाकर घूम रहा था और हेडसेट भी लगाए हुए था.
पुलिस को पता चला शख्स की डिटेल:
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने पाया कि यह शख्स चेतन चौधरी था, जो सिया का प्रेमी था. दोनों ने मिलकर केतन को मारने की प्लानिंग की थी. पुलिस के अनुसार, सिया ने केतन को लोहागड़ किले पर ले जाने पर जोर दिया. 14 जून को भी उसने केतन को धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन केतन पेड़ पकड़कर बच गया था.
Also Read
पुलिस की कार्रवाई:
सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने सिया गोयल (20) और चेतन चौधरी (22) को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों पर हत्या का आरोप है. केतन के परिवार को इस घटना का बहुत गहरा सदमा लगा है. परिवार अब न्याय की मांग कर रहा है.
कुछ ऐसे रची थी हत्या की साजिश की पूरी कहानी:
केतन और सिया की फरवरी 2026 में सगाई हुई थी. उनकी शादी नवंबर में उदयपुर के पैलेस में तय थी, लेकिन सिया शादी से पीछे हटना चाहती थी. उसने एक बार केतन के परिवार से शादी एक साल के लिए टालने को भी कहा था. 6 जून को जब केतन, सिया और परिवार बाली घूमने जा रहे थे, तो सिया ने केतन का पासपोर्ट चुराकर फाड़ दिया और होटल के वॉशरूम में फ्लश कर दिया. इस वजह से बाली की यात्रा रद्द हो गई. 18 जून को सिया के जन्मदिन से एक दिन पहले, सिया ने केतन को फिर लोहागड़ किले ले जाने पर मनाया. दोनों ऊपर पहुंचे तो सिया ने तय सिग्नल दिया. चेतन ने केतन को खाई में धकेल दिया.