menu-icon
India Daily

चोरी हुआ पासपोर्ट, बाली की कैंसिल ट्रिप और हत्या… पुणे हत्याकांड की खतरनाक साजिश

महाराष्ट्र के पुणे में एक बेहद चौंकाने वाला और दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है. 26 वर्षीय रियल एस्टेट व्यवसायी केतन अग्रवाल की अपनी ही मंगेतर और उसके प्रेमी ने मिलकर क्रूर तरीके से हत्या कर दी. जानें पूरा मामला…

Shilpa Shrivastava
चोरी हुआ पासपोर्ट, बाली की कैंसिल ट्रिप और हत्या… पुणे हत्याकांड की खतरनाक साजिश
Courtesy: AI Generated

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे में एक बेहद चौंकाने वाला और दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है. 26 वर्षीय रियल एस्टेट व्यवसायी केतन अग्रवाल की अपनी ही मंगेतर और उसके प्रेमी ने मिलकर क्रूर तरीके से हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार, दोनों ने केतन को लोहागड़ किले की चोटी से धक्का देकर नीचे खाई में गिरा दिया.

केतन और सिया गोयल की फरवरी 2026 में सगाई हो चुकी थी. दोनों की शादी की तैयारियां चल रही थीं. केतन 19 जून को सिया का जन्मदिन मनाने के लिए महाबलेश्वर रिजॉर्ट बुक कर चुका था और परिवार ने रिश्तेदारों को भी इनवाइट भी भेज दिया था, लेकिन सिया के मन में कुछ और ही था.

कैसे हुई साजिश की शुरुआत:

पुलिस जांच में यह पता चला कि सिया और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने कई हफ्तों से हत्या की साजिश रची थी. 6 जून को जब केतन, सिया और परिवार मुंबई एयरपोर्ट से बाली घूमने जा रहे थे, तो सिया ने केतन का पासपोर्ट चुरा लिया था. उसने पासपोर्ट को फाड़कर होटल के वॉशरूम में फ्लश कर दिया. इस वजह से बाली की यात्रा कैंसिल हो गई.

इसके बाद 31 मई को दोनों पहली बार लोहागड़ किले गए थे. उसी दिन सिया ने केतन को धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन केतन एक पेड़ को पकड़कर बच गया. सिया ने बाद में बहाना बनाया कि वह सांप से बचाने के लिए धक्का दे रही थी.

सिया और केतन की कई वीडियोज हो रही वायरल:

बिजनेसमैन केतन अग्रवाल ने अपनी मंगेतर सिया गोयल का प्री-बर्थडे सेलिब्रेशन इस तरह मनाया. रिटर्न गिफ्ट के तौर पर केतन को मौत मिली. इस वीडियो में देखें की केतन ने किस तरह मनाया था सिया का जन्मदिन:

पुणे की एक मजिस्ट्रेट कोर्ट ने मंगलवार को केतन अग्रवाल की मौत के मामले में आरोपी सिया गोयल और उनके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को 29 जून तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया. कोर्ट ने मामले की आगे की जांच के लिए पुलिस कस्टडी की मंजूरी दी. अधिकारी जांच जारी रखे हुए हैं और उम्मीद है कि रिमांड के दौरान और सबूत जुटाए जाएंगे.

18 जून को सिया ने की केतन हुई हत्या:

19 जून को सिया के जन्मदिन से एक दिन पहले, सिया ने केतन को फिर लोहागड़ किले ले जाने पर जोर दिया. केतन के पिता ने मना किया, लेकिन सिया ने केतन की मां को वीडियो कॉल पर मनाकर अनुमति ले ली. 18 जून को चेतन चौधरी भी बाइक से किले के नीचे पहुंचा. CCTV में वह केतन और सिया के आगे-पीछे दिखा है. दोनों ने एक कोड सिग्नल तय किया था. सिया जब चोटी पर बैठ जाती, तो चेतन को केतन को धक्का देने का इशारा समझना था. पुलिस के अनुसार, उसी प्लान के तहत 18 जून को केतन को खाई में धकेल दिया गया.

इस हादसे से केतन के परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है. दादा देवी अग्रवाल ने सिया के लिए डायमंड नेकलेस खरीदा था. परिवार उदयपुर पैलेस बुक करने वाला था. अब शादी की जगह अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है. परिवार ने केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की मांग की है. पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. मावल तालुका कोर्ट ने उन्हें 29 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. मामले की जांच जारी है.