हिमाचल में 5.0 तीव्रता का भूकंप, कांगड़ा-मंडी समेत पंजाब तक महसूस हुए झटके

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, मंडी और आसपास के कई क्षेत्रों में शुक्रवार रात 10:03 बजे 5.0 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया. चंबा इसका केंद्र रहा. तेज झटकों से लोग घरों से बाहर निकल आए और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

शुक्रवार रात हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. रात करीब 10 बजकर 3 मिनट पर आए इस भूकंप का असर कांगड़ा, मंडी समेत कई क्षेत्रों में देखा गया. अचानक धरती में कंपन महसूस होते ही लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.0 दर्ज की गई. इसका केंद्र चंबा क्षेत्र में बताया गया है. झटकों की तीव्रता इतनी थी कि कई इलाकों में लोगों ने स्पष्ट रूप से कंपन महसूस किया और कुछ समय तक दहशत का माहौल बना रहा.

कांगड़ा में बढ़ी चिंता

कांगड़ा जिला भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल है. ऐसे में लंबे अंतराल के बाद महसूस किए गए इस अपेक्षाकृत शक्तिशाली भूकंप ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है. क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि कई वर्षों बाद इतना मजबूत झटका महसूस हुआ है.

किसी नुकसान की सूचना नहीं

राहत की बात यह है कि समाचार लिखे जाने तक किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान या हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है. हालांकि एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और देर रात तक स्थिति पर नजर बनाए रखी.

पंजाब के कई जिलों में भी महसूस हुए झटके

भूकंप का असर पड़ोसी राज्य पंजाब में भी देखा गया. अमृतसर, तरनतारन और जालंधर सहित कई जिलों में लोगों ने झटके महसूस किए. फिलहाल इन क्षेत्रों से भी किसी प्रकार के नुकसान या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है.