गैंगस्टर के साथ फरार हुई थी IAS की पत्नी, एक बच्चे के अपहरण मामले में थी शामिल; अब जहर खाकर की खुदकुशी
Gujarat IAS Officer Wife: गुजरात के गांधीनगर से हैरान करने वाली खबर सामने आई है. एक आईएएस अफसर की पत्नी तमिलनाडु के एक गैंगस्टर के साथ फरार हो गई थी. अब उसने जहर खाकर अपनी जान दे दी है. मृतका मूल रूप से तमिलनाडु की रहने वाली थी. पिछले कुछ महीने पहले तमिलनाडु में एक बच्चे के अपहरण के मामले में गैंगस्टर के साथ आईएएस अफसर की पत्नी का नाम भी शामिल था.
Gujarat IAS Officer Wife: गुजरात के एक IAS अफसर की अलग रह रही पत्नी ने रविवार को गांधीनगर में जहर खाकर अपनी जान दे दी. कहा जा रहा है कि महिला ने अपने IAS पति के घर के दरवाजे पर पहुंचकर जहर खा लिया. इसके बाद उसे गांधीनगर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. कहा जा रहा है कि कुछ महीने पहले IAS अफसर की पत्नी एक गैंगस्टर के साथ भाग गई थी. गैंगस्टर तमिलनाडु का रहने वाला है. मृतका भी मूलरूप से तमिलनाडु की रहने वाली थी. गैंगस्टर के साथ भागने के बाद तमिलनाडु में एक बच्चे के अपहरण के मामले में IAS की पत्नी का भी नाम सामने आया था.
मृतका की पहचान 45 साल की सूर्या जे के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, सूर्या ने शनिवार सुबह जहर खा लिया. जब इसकी जानकारी IAS अफसर पति रंजीत कुमार जे को मिली, तो उन्होंने सहयोगियों को निर्देश दिया कि वे सूर्या जे को गांधीनगर सिविल अस्पताल में एडमिट कराएं. सूर्या जे ने रंजीत कुमार के सेक्टर-19 वाले घर के बाहर ही जहर खाया था. जानकारी के मुताबिक, IAS अफसर रंजीत कुमार जे गुजरात विद्युत विनियामक आयोग (जीईआरसी) के सचिव हैं.
तलाक की अर्जी को अंतिम रूप देने के लिए बाहर गए थे रंजीत कुमार
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि शनिवार को रंजीत कुमार जे, अपनी पत्नी सूर्या जे के साथ तलाक की अर्जी को अंतिम रूप देने के लिए बाहर गए थे. जब घऱ के कर्मचारियों ने सूर्या जे को घर के अंदर नहीं आने दिया, तो उन्होंने जहर खा लिया और 108 (एम्बुलेंस हेल्पलाइन) पर कॉल किया. गांधीनगर के एसपी रवि तेजा वासमसेट्टी ने कहा कि पुलिस को तमिल में लिखा एक कथित सुसाइड नोट मिला है, लेकिन उन्होंने विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया.
पुलिस सूत्रों ने सुझाव दिया कि सूर्या संभवतः 14 साल के लड़के के मदुरै अपहरण मामले में तमिलनाडु पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने पति के घर गई थी. इस मामले में सूर्या का नाम उसके कथित प्रेमी और स्थानीय गैंगस्टर 'हाई कोर्ट महाराजा' और उसके सहयोगी सेंथिल कुमार के साथ सामने आया. उन्होंने कथित तौर पर बच्चे की मां के साथ पैसे के विवाद में 11 जुलाई को लड़के का अपहरण कर लिया था. उन्होंने उसकी मां से 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी, लेकिन मदुरै पुलिस लड़के को बचाने में कामयाब रही. इसके बाद पुलिस ने सूर्या सहित सभी लोगों की तलाश शुरू कर दी.
सूत्रों का दावा- सूर्या ने रंजीत कुमार जे से तोड़ लिया था नाता
घटनाक्रम से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि सूर्या ने अपने पति रंजीत कुमार से रिश्ता-नाता तोड़ लिया था. करीब 9 महीने पहले वो गैंगस्टर हाई कोर्ट महाराजा के साथ भाग गई थी. एसपी वासमसेट्टी ने सुसाइड के पीछे अपहरण मामले को एक अनुमानित कारण बताया. एसपी ने कहा कि मुझे रिपोर्टों से पता चला कि उस पर (सूर्या) मदुरै में अपहरण का आरोप लगाया गया था, संभवत: उसने इसी वजह से सुसाइड की वारदात को अंजाम दिया है.