menu-icon
India Daily

ओहायो के मोटल में भीषण आग, गुजरात के दंपती और बेटी की दम घुटने से मौत

अमेरिका के ओहायो स्थित एक मोटल में लगी भीषण आग में गुजरात के एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई. बाथरूम में शरण लेने के बावजूद वे धुएं से नहीं बच सके और उनकी जान चली गई.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
ओहायो के मोटल में भीषण आग, गुजरात के दंपती और बेटी की दम घुटने से मौत
Courtesy: @udayavani_web

अमेरिका के ओहायो राज्य से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मोटल में लगी आग ने गुजरात के एक परिवार की पूरी दुनिया उजाड़ दी. खेड़ा जिले के मूल निवासी हितेशभाई सुथार, उनकी पत्नी हिनाबेन और 20 वर्षीय बेटी ईशानी की इस हादसे में मौत हो गई. परिवार करीब दो वर्ष पहले रोजगार के लिए अमेरिका गया था और उसी मोटल में रह रहा था, जहां आग लगी. हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

 आधी रात के बाद मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, आग स्थानीय समयानुसार रात करीब 1:30 बजे ओहायो के वूस्टर स्थित इकोनो लॉज मोटल में लगी. हितेशभाई सुथार इसी मोटल में काम करते थे और परिवार वहीं रह रहा था. आग तेजी से इमारत में फैल गई और कुछ ही देर में मोटल की छत से धुएं और लपटों का बड़ा गुबार उठने लगा. दमकल विभाग के पहुंचने तक आग कई हिस्सों में फैल चुकी थी. अग्निशमन कर्मियों ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन हालात बेहद चुनौतीपूर्ण थे.

 बाथरूम में छिपकर बचने की कोशिश

बताया गया कि आग लगने के बाद परिवार ने मोटल के फ्रंट डेस्क पर फोन कर मदद मांगी. उन्हें सलाह दी गई कि वे बाथरूम में पानी चलाकर वहीं रुकें ताकि धुएं और आग से कुछ समय तक सुरक्षित रह सकें. परिवार ने इसी उम्मीद में खुद को बाथरूम में बंद कर लिया, लेकिन धुआं लगातार भरता गया. आग पर काबू पाने में समय लगने के कारण राहत दल समय पर उनके पास नहीं पहुंच सका. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों की मौत दम घुटने से हुई.

 बचाव के कई प्रयास, लेकिन नहीं बच सकी जान

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, दमकल कर्मियों ने भीतर फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए कई बार कोशिश की. आग इतनी भीषण थी कि बचाव अभियान बेहद मुश्किल हो गया. मोटल के एक कर्मचारी ने बताया कि परिवार लगातार मदद की गुहार लगा रहा था और फोन पर रोने तथा चीखने की आवाजें सुनाई दे रही थीं. कर्मचारी ने तुरंत आपातकालीन सेवा 911 पर सूचना दी, लेकिन बचाव दल के पहुंचने तक आग और धुआं पूरे हिस्से को अपनी चपेट में ले चुके थे.

 आग लगने के कारणों की जांच जारी

स्थानीय प्रशासन ने बताया कि इस हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत हुई, जबकि कोई अन्य अतिथि हताहत नहीं हुआ. आग बुझाने के दौरान एक दमकलकर्मी मामूली रूप से घायल हुआ है. फिलहाल आग लगने के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है और जांच एजेंसियां सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं. हादसे की खबर के बाद गुजरात के खेड़ा जिले में शोक का माहौल है और परिवार के परिचितों ने गहरा दुख व्यक्त किया है.