IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 US Israel Iran War Tamil Nadu Assembly Election 2026

'माफ कर दो मां, मुझे तुम्हारी याद आती है', हत्या के बाद 21 साल के बेटे ने सोशल मीडिया पर डाली पोस्ट

Gujarat Crime News: गुजरात के राजकोट में 21 साल के एक लड़के ने अपनी मां की गला घोंटकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मां की डेडबॉडी के साथ सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट की और लिखा कि मां मुझे माफ करना, मुझे तुम्हारी याद आती है. वारदात की जानकारी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

इंडिया डेली
India Daily Live

Gujarat Crime News: गुजरात में 21 साल के लड़के ने अपनी मां की हत्या कर दी और सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट कर लिखा कि Sorry mom, I killed you, I miss you. मामले की जानकारी के बाद आरोपी नीलेश गोसाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. आरोपी नीलेश अपनी मां के साथ रहता था. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच अक्सर बहस और मारपीट होती रहती थी. शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वो पहले चाकू से हमला कर अपनी मां की हत्या करना चाहता था, लेकिन विफल रहने के बाद अपनी मां की गला घोंटकर हत्या कर दी.

घटना तब सामने आई जब मृतका के पड़ोसी ने पुलिस को घटना की सूचना दी. मामले की जानकारी के बाद पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि आरोपी नीलेश गोसाई राजकोट के यूनिवर्सिटी रोड स्थित भगतसिंहजी गार्डन में अपनी मां के शव के पास बैठा था. मृतका की पहचान 48 साल की ज्योतिबेन गोसाई के रूप में हुई है.

मां ने छीन लिया चाकू, तो कंबल से घोंट दिया गला

पूछताछ के दौरान नीलेश ने हत्या की बात कबूल करते हुए बताया कि उसने पहले अपनी मां पर चाकू से हमला करने की कोशिश की थी. जब ज्योतिबेन चाकू छीनने में कामयाब हो गई, तो नीलेश ने कंबल से उसका गला घोंट दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नीलेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपनी मां की एक फोटो पोस्ट की, जिसमें लिखा था कि माफ करना मां, मैं तुम्हें मार रहा हूं, मुझे तुम्हारी याद आती है, ओम शांति.

आरोपी ने एक अन्य पोस्ट में उसने लिखा कि मैं अपनी मां को मार रहा हूं, मेरी जान चली गई, माफ़ करना मां, ओम शांति, मुझे तुम्हारी याद आती है मां. पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच के बाद पता चला कि ज्योतिबेन कई साल से गंभीर मानसिक बीमारी से जूझ रही थी, जिसके कारण उसका अपने बेटे के साथ अक्सर झगड़ा और मारपीट होती थी.

घटना राजकोट के यूनिवर्सिटी रोड की है. एसीपी राधिका भाराई के मुताबिक, वारदात की सूचना के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई. आरोपी नीलेश घटनास्थल पर ही मौजूद था, उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. एसीपी के मुताबिक, मृतका पिछले कुछ सालों से मानसिक रूप से बीमार थी. 20 साल पहले पति से तलाक के बाद वो अपने बेटे नीलेश के साथ ही रहती थी. 

ज्योतिबेन गोसाई ने बंद कर दिया था दवा लेना

एक अधिकारी ने बताया कि ज्योतिबेन गोसाई मानसिक रूप से बीमार थी और उनका इलाज चल रहा था. हालांकि कुछ महीनों से उन्होंने दवा लेना बंद कर दिया था. दवा न लेने के कारण उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया था, जिसकी वजह से उनका और नीलेश का अक्सर झगड़ा होता था. पुलिस के मुताबिक, जब वारदात की सूचना नीलेश के पिता को दी गई, तो उन्होंने ज्योतिबेन गोसाई का शव लेने से इनकार कर दिया.