menu-icon
India Daily

क्या जेल से बाहर आएंगे लूथरा ब्रदर्स? गोवा नाइटक्लब अग्निकांड के मामले में स्थानीय अदालत ने दी जमानत

गोवा नाइटक्लब आग हादसे में आरोपी लूथरा बंधुओं को अदालत ने जमानत दे दी है, लेकिन फर्जी दस्तावेज मामले में पुलिस हिरासत के कारण वे अभी जेल से बाहर नहीं आएंगे.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
क्या जेल से बाहर आएंगे लूथरा ब्रदर्स? गोवा नाइटक्लब अग्निकांड के मामले में स्थानीय अदालत ने दी जमानत
Courtesy: @SurajBala X account

पणजी: गोवा की एक स्थानीय अदालत ने बुधवार को 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइटक्लब के मालिकों सौरभ और गौरव लूथरा को पिछले साल 6 दिसंबर को गोवा के एक नाइटक्लब में लगी आग के मामले में जमानत दे दी. उत्तरी गोवा के अरपोरा में लगी इस आग में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई थी. 

गोवा के मर्सेस में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की अदालत ने आरोपी गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा को नियमित जमानत दी. आरोपियों की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता सुबोध कांतक पेश हुए, जिन्हें अधिवक्ता वैभव सूरी ने निर्देश दिए थे. साथ ही SKRB लॉ ऑफिस ने भी निर्देश दिए थे. 

क्या उन्हें जेल से मिलेगी रिहाई?

हालांकि उन्हें अभी जेल से रिहा नहीं किया जाएगा क्योंकि मापुसा पुलिस ने सोमवार को अरपोरा स्थित नाइटक्लब 'बर्च बाय रोमियो लेन' के मालिकों यानी  सौरभ और गौरव लूथरा को 'नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट' में कथित हेराफेरी के मामले में हिरासत में ले लिया है.

पिछले हफ्ते अदालत ने एक्साइज़ लाइसेंस पाने के लिए दस्तावेजों में कथित हेराफेरी से जुड़े एक मामले में सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा की अग्रिम जमानत की अर्जियां खारिज कर दी थीं. मापुसा की अतिरिक्त सत्र अदालत ने शुक्रवार को भाइयों द्वारा दायर याचिका खारिज कर दी, उनके वकील पराग राव ने बताया.

क्या था पूरा मामला?

लूथरा भाइयों के पास उत्तरी गोवा के अरपोरा गांव में 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइटक्लब था, जहां 6 दिसंबर 2025 को आग लग गई थी, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई थी और 50 अन्य घायल हो गए थे.

अधिकारी ने क्या बताया?

एक अधिकारी ने बताया कि गोवा में मापुसा पुलिस ने सोमवार को सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को हिरासत में ले लिया.उन्हें 6 दिसंबर की नाइटक्लब आग त्रासदी के मामले में गिरफ़्तार किया गया था और अब एक्साइज लाइसेंस पाने के लिए कथित हेराफेरी के एक मामले में हिरासत में लिया गया है. 

उन्होंने बताया कि ये दोनों जो अभी उत्तरी गोवा की कोलवाले सेंट्रल जेल में बंद हैं, उन्हें 27 मार्च को मापुसा की एडिशनल सेशंस कोर्ट द्वारा जालसाजी के मामले में उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद हिरासत में लिया गया था.

अधिकारी ने बताया कि जहां एक तरफ अंजुना पुलिस आग लगने की इस दुखद घटना की जांच कर रही है, वहीं मापुसा पुलिस ने लूथरा बंधुओं के खिलाफ जालसाजी का मामला दर्ज किया है. इन पर आरोप है कि इन्होंने नाइटक्लब के लिए एक्साइज विभाग से लाइसेंस लेने के लिए कथित तौर पर जाली दस्तावेज जमा किए थे.