वाराणसी में अनियंत्रित होकर पलटा LPG से भरा टैंकर, कई किमी दूर तक आग की लपटें, आसपास के घर खाली कराए गए
Fire Broke in LPG Tanker: वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना बॉर्डर स्थित रिंग रोड के पास एलपीजी से भरा टैंकर पलटने से बड़ा हादसा हुआ है. हादसे के बाद टैंकर में आग लग गई है. कई घंटे तक की कड़ी मशक्कत के बाद भी अभी तक आग पर काबू नहीं पाया गया है.
Fire Broke in LPG Tanker: वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना बॉर्डर स्थित रिंग रोड के पास एलपीजी से भरा टैंकर पलटने से बड़ा हादसा हुआ है. जानकारी के अनुसार टैंकर पटना से प्रयागराज की ओर जा रहा था और एक कार को बचाने के चक्कर में असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया जिससे बाद उसमें आग लग गई. टैंकर में आग लगने की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गई. कई घंटे तक की कड़ी मशक्कत के बाद भी अभी तक आग पर काबू नहीं पाया गया है.
एलपीजी टैंकर के चालक ने बताया कि टैंकर में 17 टन गैस भरी हुई थी. यह टैंकर पटना से प्रयागराज जा रही थी. इसी बीच सामने से अचानक एक कार आ गई जिसे बचाने के चक्कर में टैंकर असंतुलित होकर पलट गया और उसमें आग लग गई. आग की लपटें को देखकर रखौना गांव के ग्रामीण अपने-अपने घरों को छोड़ कर मवेशियों व बुजुर्गों को लेकर भागते हुए नजर आए.
कई किलोमीटर तक आग की लपटें
हादसे के बाद कई किलोमीटर दूर तक आग की लपटें देखने को मिल रही है जिसके चलते ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. प्रशासन की ओर से सावधानी बरतते हुए आसपास के लोगों को घर खाली करने के लिए कहा गया है. कई किलोमीटर तक फैली आग की लपटों को देखकर प्रशासन भी एक किलोमीटर दूर भाग खड़ा हुआ. ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.
आसपास के इलाकों को खाली कराया गया
टैंकर में आग लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने लोगों को घटनास्थल से 500 मीटर की दूरी पर ही रोक दिया है. इसके साथ ही आसपास के दुकानदारों को दुकान बंद रखने और सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है.