चोरी के शक में पिता बना दरिंदा, रात भर उल्टा लटकाकर किया बेटियों पर अत्याचार; एक बच्ची की मौत
चोरी के शक में एक पिता ने अपनी दो बेटियों को रात भर उल्टा लटकाकर सजा दी है. इस दर्दनाक घटना में एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है.
देश को झकझोर देने वाली इस घटना में एक पिता ने इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं है. आरोप है कि पिता ने अपनी ही दो नाबालिग बेटियों को चोरी के शक में ऐसी सजा दी, जिसे सुनकर किसी का भी दिल कांप जाए. बताया जा रहा है कि यह घटना बुधवार शाम की है, जब पिता ने अपनी 10 साल और 11 साल की बेटियों के हाथ पैर बांध दिए. इसके बाद उन्हें घर में लगे लोहे के एंगल से उल्टा लटका दिया गया. मासूम बच्चियां पूरी रात दर्द से कराहती रहीं, लेकिन उन्हें न पानी दिया गया और न ही किसी तरह की मदद.
सबसे दर्दनाक बात यह रही कि बच्चियां पूरी रात मदद के लिए पुकारती रहीं. वे बार बार पानी मांगती रहीं, लेकिन पिता का दिल नहीं पसीजा. सुबह करीब 6 बजे जब दादा ने दोनों बच्चियों को नीचे उतारा, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. छोटी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बच्ची बेहोश हालत में मिली. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद होश में आने पर उसने पूरी सच्चाई बताई.
अस्पताल पहुंचते ही बच्ची को किया मृत घोषित
परिजनों ने मृत बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. डॉक्टरों और पुलिस को दी गई जानकारी के आधार पर मामला दर्ज किया गया. घायल बच्ची के बयान ने इस मामले की सच्चाई उजागर कर दी, जिससे पुलिस को कार्रवाई करने का आधार मिला.
पड़ोसियों के शक ने ली मासूम की जान
शुरुआती जांच में सामने आया है कि पड़ोसियों ने बच्चियों पर चोरी का शक जताया था. इसी शक के आधार पर पिता ने यह खौफनाक कदम उठाया. एक छोटी सी बात को लेकर इतना बड़ा और क्रूर फैसला लेना हर किसी को हैरान कर रहा है. यह घटना समाज के उस काले सच को भी उजागर करती है, जहां शक और गुस्से में इंसान अपनी ही औलाद का दुश्मन बन जाता है.
घटना के बाद परिवार ने कथित तौर पर मामले को दबाने की कोशिश की. जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची का अंतिम संस्कार चुपचाप करने की तैयारी की जा रही थी ताकि किसी को इस घटना की भनक न लगे. लेकिन घायल बच्ची के बयान ने पूरी सच्चाई सामने ला दी. इसके बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया.