IPL 2026

गुजरात के भरूच में केमिकल फैक्ट्री में धमाके के बाद लगी भीषण आग, कई मजदूर झुलसे

केमिकल फैक्ट्री में हुआ यह धमाका इतना जोरदार था कि उसकी आवाज आस-पास के गांवों तक सुनाई दी. हादसे के वक्त प्लांट में कई मजदूर ड्यूटी पर थे.

pinterest
Sagar Bhardwaj

गुरुवार को गुजरात के भरूच जिले में औद्योगिक केंद्र झगड़िया GIDC की मेट्रोपॉलिटन एक्सीकेम कंपनी के प्लांट में जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई. शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे में 10 से ज्यादा मजदूरों के गंभीर रूप से झुलसने की खबर है. यह पहली बार नहीं है जब GIDC में हादसा हुआ है. इससे पहले भी यहां इस प्रकार का हादसा हो चुका है.

आस-पास के गांवों तक सुनाई दी आवाज

केमिकल फैक्ट्री में हुआ यह धमाका इतना जोरदार था कि उसकी आवाज आस-पास के गांवों तक सुनाई दी. हादसे के वक्त प्लांट में कई मजदूर ड्यूटी पर थे. धमाका होते ही मजदूरों में भगदड़ मच गई. इस हादसे में 10 से ज्यादा मजदूर आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए. सभी घायलों को एम्बुलेंस के जरिए अंकलेश्वर स्थित जयाबेन मोदी अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

युद्ध स्तर पर चल रहा राहत व बचाव कार्य

केमिकल फैक्ट्री होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी. हालांकि हादसे की सूचना मिलते ही झगड़िया अंकलेश्वर और आस-पास की कंपनियों से दमकल गाड़ियों का एक काफिला तुरंत मौके पर पहुंच गया. दमकलकर्मियों ने तुरंत पानी व फोम का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन आग पर अभी पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है.

कैसे लगी आग

केमिकल फैक्ट्री में धमाका क्यों हुआ इसके कारणों का अभी तक सही पता नहीं चल पाया है. आशंका जताई गई है कि गैस का रिसाव या शॉर्ट सर्किट के कारण यह धमाका हुआ होगा.  पुलिस और औद्योगिक विभाग की एक टीम मौक पर पहुंचकर जांच शुरू करेगी लेकिन फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता आग बुझाने और प्लांट में फंसे किसी भी व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालाना है.