'इमैनुएल मैक्रों आपका स्वागत करने के लिए उत्सुक...', 26 जनवरी के लिए पीएम मोदी ने गर्मजोशी से किया आमंत्रित
26 जनवरी के गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को आमंत्रित किया गया है.
नई दिल्ली: 26 जनवरी के गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को आमंत्रित किया गया है. इमैनुएल मैक्रों के दौरे को लेकर पीएम मोदी का बयान सामने आया है. PM नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत 75वें गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन का स्वागत करने के लिए वह उत्सुक है.
आपका स्वागत करने के लिए उत्सुक
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा "मेरे प्रिय मित्र राष्ट्रपति! इमैनुएल मैक्रों हम 75वें गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में आपका स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं. हम भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों में साझा विश्वास का भी जश्न मनाएंगे."
बीते शुक्रवार को फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रॉन ने अगले साल गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अपनी यात्रा की पुष्टि की और निमंत्रण के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद दिया.
भारत और फ्रांस रणनीतिक साझेदार
विदेश मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि की है कि प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन 75वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में भारत आएंगे. भारत और फ्रांस रणनीतिक साझेदार के रूप में कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर उच्च स्तर की समानता साझा करते हैं.
इमैनुएल मैक्रों ऐसे छठे फ्रांसीसी जो लेंगे हिस्सा
यह छठी बार है जब कोई फ्रांसीसी नेता गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे. मैक्रॉन से पहले, पूर्व फ्रांसीसी प्रधान मंत्री जैक्स शिराक 1976 और 1998 में भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि थे. उससे पहले पूर्व राष्ट्रपति वालेरी गिस्कार्ड डी'एस्टिंग, निकोलस सरकोजी और फ्रेंकोइस ओलांद 1980, 2008 और 2016 में मुख्य अतिथि थे.