दादरा एवं नगर हवेली और दमन-दीव संघ प्रदेश के सिलवासा में शनिवार आज सुबह भयावह हादसा हो गया. खबर एजेंसी की मानें तो निजी नाइट्रोजन गैस गोदाम में अचानक भीषण विस्फोट हो गया. डेमानी रोड स्थित इस गोदाम में कर्मचारी सिलेंडर रिफिलिंग का काम कर रहे थे. तभी एक सिलेंडर में धमाका हो गया, जिसकी आवाज दूर तक गूंजी और आसपास के इलाके में भूकंप जैसे झटके महसूस किए गए. हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है. इतना ही नहीं कई लोग आग में झुलस गए है.
धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि गोदाम का बड़ा हिस्सा ढह गया और मलबा सड़क पर फैल गया. आसपास स्कूल के बच्चे और स्थानीय लोग भी उस समय सड़क पर थे. कई लोगों ने बताया कि धमाके की आवाज दूर तक साफ सुनाई दी और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सौभाग्य से विस्फोट की दिशा स्कूल की तरफ नहीं गई, वरना नुकसान और भी बड़ा हो सकता था.
VIDEO | A nitrogen gas warehouse explosion in Dadra claims four lives and leaves six others injured. Visuals from the spot. More details awaited.
— Press Trust of India (@PTI_News) April 4, 2026
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7)#Dadra pic.twitter.com/pmE3XT6FuX
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं. मलबे में फंसे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक मृतकों में गोदाम का प्रबंधक भी शामिल है. पांच से ज्यादा घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.
पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. प्राथमिक रिपोर्ट में सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और रिफिलिंग प्रक्रिया में लापरवाही की संभावना जताई जा रही है. प्रशासन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दे दिए हैं. यह पता लगाया जा रहा है कि किस स्तर पर गलती हुई जिससे इतना बड़ा हादसा हो गया.
राहत कार्य अभी भी जारी है. अधिकारियों ने आसपास के इलाके को सुरक्षित रखते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें. इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.