मणिपुर से मुंबई तक.... 6200 KM की भारत न्याय यात्रा निकालेंगे राहुल गांधी, जानें क्या है कांग्रेस का पूरा प्लान?

आगामी 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राहुल गांधी 14 जनवरी से 20 मार्च तक भारत न्याय यात्रा करेंगे. यह यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी.

Avinash Kumar Singh

नई दिल्ली: भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत न्याय यात्रा शुरू करने जा रहे है. आगामी 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राहुल गांधी 14 जनवरी से 20 मार्च तक भारत न्याय यात्रा करेंगे. यह यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की इस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी 14 राज्य और 85 जिलों को कवर करेंगे. यह यात्रा मणिपुर, नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और अंत में महाराष्ट्र राज्यों से होकर गुजरेगा. 

मणिपुर में मुंबई तक की होगी भारत न्याय यात्रा

कांग्रेस पार्टी की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक भारत न्याय यात्रा 14 जनवरी को इम्फाल मणिपुर में शुरू होगी और 20 मार्च को मुंबई महाराष्ट्र में समाप्त होगी. राहुल गांधी इस यात्रा के दौरान 6 हजार 200 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करेंगे. ज्यादातर यात्रा बस के जरिए ही कवर की जाएगी, मगर कहीं-कहीं पैदल भी सफर किये जाने की योजना है. 

भारत न्याय यात्रा 14 जनवरी से 20 मार्च तक 

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि भारत न्याय यात्रा 14 जनवरी से 20 मार्च तक मणिपुर से मुंबई तक शुरू होगी. अब राहुल गांधी पहली भारत जोड़ो यात्रा के महान अनुभव के साथ यात्रा करेंगे. वह युवाओं, महिलाओं और हाशिए पर रहने वाले लोगों के साथ बातचीत करने जा रहे हैं. बीते 21 दिसंबर को कांग्रेस CWC की बैठक में नेताओं की ओर से राहुल गांधी से पूर्व से पश्चिम तक यात्रा शुरू करने की गुजारिश की गयी थी. जिसके बाद राहुल गांधी ने सीडब्ल्यूसी की इच्छा को मानते हुए भारत न्याय यात्रा निकालने पर सहमत हुए है. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इस यात्रा का नाम भारत न्याय यात्रा रखे जाने को लेकर कहा कि हम देश की जनता को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि कांग्रेस पार्टी आर्थिक, सामाजिक न्याय उपलब्ध कराएगी. 

कर्नाटक में भारत जोड़ो यात्रा का असर 

भारत जोड़ो यात्रा जो पिछले साल 7 सितंबर को कन्याकुमारी में शुरू हुई थी, जिसका नेतृत्व कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने किया था. 3,970 किमी, 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों को कवर करने और 130 दिनों से अधिक समय तक चलने के बाद 30 जनवरी को श्रीनगर में इस यात्रा का समापन हुआ था. राहुल गांधी की यात्रा का असर कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में चुनावों के दौरान देखा गया, क्योंकि वहां स्ट्राइक रेट और वोट शेयर में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई और कांग्रेस ने बड़ी जीत हासिल की है. 

ज्यादा जानकारी के लिए नीचे दिए गए वीडियो पर क्लिक करें