कांग्रेस के चंदे में एक साल में 75% की गिरावट, 10 साल के निचले स्तर पर पहुंचा; BJP को मिला 12 गुना ज्यादा पैसा

कांग्रेस को वित्त वर्ष 2025-26 में 130.69 करोड़ रुपये का चंदा मिला, जो पिछले साल के मुकाबले 75 फीसदी कम है. इसमें प्रूडेंट ट्रस्ट का योगदान घटने से बड़ा असर पड़ा.

X
Sagar Bhardwaj

कांग्रेस पार्टी को मिलने वाले बड़े चंदे में एक साल के भीतर करीब 75 फीसदी की गिरावट आई है. वित्त वर्ष 2025-26 में पार्टी को 20 हजार रुपये से अधिक के योगदान के रूप में कुल 130.69 करोड़ रुपये मिले. जबकि 2024-25 में यह रकम 517.39 करोड़ रुपये थी. चुनाव आयोग को सौंपी गई पार्टी की योगदान रिपोर्ट के विश्लेषण से यह जानकारी सामने आई है. पीटीआई के मुताबिक, पिछले एक दशक में यह कांग्रेस के चंदे में आई सबसे बड़ी गिरावट है. इससे पहले 2015-16 में पार्टी के घोषित चंदे में 86 फीसदी की कमी आई थी और यह घटकर 141.46 करोड़ रुपये रह गया था.

10 साल में सबसे कम चंदा मिलने की स्थिति

हालांकि, मौजूदा आंकड़ों के आधार पर 2025-26 में कांग्रेस का चंदा पिछले 10 साल का सबसे कम नहीं है. इन आंकड़ों में इलेक्टोरल बॉन्ड से मिली रकम शामिल नहीं है. बॉन्ड योजना के दौरान इससे प्राप्त धन अलग से दर्ज किया जाता था. पुराने वर्षों में बॉन्ड की रकम जोड़ने पर 2025-26 का चंदा 2020-21 के बाद सबसे कम रहा.

प्रूडेंट ट्रस्ट का योगदान 88% घटा

कांग्रेस के चंदे में गिरावट की सबसे बड़ी वजह प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट से मिलने वाली रकम में कमी रही. ट्रस्ट ने 2024-25 में कांग्रेस को 216.34 करोड़ रुपये दिए थे, जो 2025-26 में घटकर सिर्फ 25 करोड़ रुपये रह गए. यानी इसके योगदान में करीब 88 फीसदी की गिरावट आई. कांग्रेस की ताजा योगदान रिपोर्ट में प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट ही एकमात्र इलेक्टोरल ट्रस्ट के रूप में दर्ज है. अन्य बड़े योगदानकर्ताओं में स्टार सीमेंट ने 5 करोड़ रुपये, सज्जन भजांका ने 4 करोड़ रुपये और प्रेम कुमार भजांका ने 2 करोड़ रुपये दिए.

कांग्रेस की कुल आय का ब्योरा अभी नहीं आया

योगदान रिपोर्ट में पार्टी की कुल आय का विवरण शामिल नहीं है. इसमें छोटे चंदे, सदस्यता शुल्क, कूपन की बिक्री और ब्याज से होने वाली कमाई भी जुड़ती है. कांग्रेस का 2025-26 का ऑडिटेड अकाउंट अभी अपलोड नहीं हुआ है. इससे पहले 2024-25 में पार्टी को सिर्फ कूपन से 350.12 करोड़ रुपये मिले थे.

बीजेपी को कांग्रेस से 12 गुना ज्यादा चंदा

वित्त वर्ष 2024-25 में बीजेपी को 6,074.02 करोड़ रुपये का चंदा मिला था. यह कांग्रेस को मिले चंदे से करीब 12 गुना ज्यादा था. वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बीजेपी का चंदा संबंधी आंकड़ा अभी उपलब्ध नहीं है. चुनाव आयोग ने उसकी योगदान रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की है. रिपोर्ट में शामिल 12 वित्तीय वर्षों के आंकड़ों के मुताबिक, हर साल बीजेपी को कांग्रेस से अधिक चंदा मिला.