पीएम मोदी ने भारत को दिया कॉन्सर्ट इकोनॉमी का आइडिया, इंडिया में कोल्डप्ले के शो के धमाका मचाने पर क्या बोले?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटिश रॉक बैंड कोल्डप्ले के पांच लाइव कॉन्सर्ट के बाद भारत में बढ़ते 'कॉन्सर्ट इकोनॉमी' क्षेत्र पर बात की. उन्होंने भुवनेश्वर में 'उत्कर्ष ओडिशा - मेक इन ओडिशा कॉन्क्लेव 2025' के दौरान कहा कि भारत में लाइव कॉन्सर्ट के लिए बहुत संभावनाएं हैं. इसके राज्य सरकारों को बुनियादी ढ़ांचे पर ध्यान देने की जरूरत है.
PM Modi on Coldplay Concerts: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद और मुंबई में मंगलवार को हुए ब्रिटिश रॉक बैंड कोल्डप्ले के संगीत कार्यक्रमों पर बात करते हुए कहा कि भारत में लाइव कॉन्सर्ट के लिए अपार संभावनाएं हैं. उन्होंने राज्य सरकारों पर भरोसा जताते हुए कहा कि मुझे उम्मीद है कि राज्य सरकारें और निजी क्षेत्र बुनियादी ढांचे और कौशल पर जरूर ध्यान देगी. जिससे की 'कॉन्सर्ट इकोनॉमी' क्षेत्र को बढ़ावा मिल सके.
पीएम मोदी ने भुवनेश्वर में 'उत्कर्ष ओडिशा - मेक इन ओडिशा कॉन्क्लेव 2025' के दौरान बात करते हुए कहा कि आपने मुंबई और अहमदाबाद में आयोजित कोल्डप्ले कॉन्सर्ट की शानदार तस्वीरें देखी होंगी. जो की यह दर्शाता है कि भारत में लाइव कॉन्सर्ट के लिए बहुत संभावनाएं हैं. दुनिया भर के बड़े कलाकार भारत की ओर आकर्षित होते हैं. उन्होंने कहा कि देश में 'कॉन्सर्ट इकोनॉमी' पिछले एक दशक से काफी तेजी से बढ़ रहा है.
भारत में कॉन्सर्ट इकोनॉमी सेक्टर बढ़ा
देश में लाइव कॉन्सर्ट के बढ़ते कॉन्सेप्ट को लेकर कहा कि आज भारत में कॉन्सर्ट इकोनॉमी सेक्टर भी बढ़ रहा है. इस देश के पास संगीत, नृत्य और कहानी कहने की इतनी बड़ी विरासत है. भारत कॉन्सर्ट का बहुत बड़ा उपभोक्ता है. कॉन्सर्ट इकोनॉमी के लिए कई संभावनाएं हैं. पिछले 10 सालों में लाइव इवेंट और कॉन्सर्ट का चलन बढ़ा है. हमें इसपर ध्यान देने की काफी जरूरत है.
बता दें कि पीएम मोदी का यह बयान कोल्डप्ले द्वारा म्यूजिक ऑफ द स्फीयर्स वर्ल्ड टूर के तहत भारत में पांच कॉन्सर्ट आयोजित करने के बाद आई है. रिपोर्ट के मुताबिक ब्रिटिश रॉक बैंड का भारत दौरा बहुत सफल रहा. इसके सभी शो बिक गए. कॉन्सर्ट को उनके सहज आयोजन और लाइव भीड़ के लिए व्यापक रूप से सराहा गया.
म्यूजिक ऑफ द स्फीयर्स वर्ल्ड टूर
इस महीने की शुरूआत में कोल्डप्ले द्वारा मुंबई और नवी मुंबई में तीन शो आयोजित कि गए थे. इसके अलावा दो कॉन्सर्ट अहमदाबाद में कराए गए. इंडियन फैंस के बीच फ्रंटमैन क्रिस मार्टिन हिंदी, मराठी और गुजराती में दर्शकों से बातचीत करने के लिए काफी चर्चा में रहे. उन्होंने अभिनेता शाहरुख खान और क्रिकेटर जसप्रीत बुमराह को भी धन्यवाद दिया. जो रविवार को अहमदाबाद कार्यक्रम में शामिल हुए थे.
अहमदाबाद में रविवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस खास मौके पर ग्रैमी पुरस्कार विजेता रॉक बैंड को 'वंदे मातरम' और उसके बाद 'माँ तुझे सलाम' की भावपूर्ण पियानो प्रस्तुति करते देखा गया. कोल्डप्ले के कॉन्सर्ट में बी टाउन के सुपरस्टार कार्तिक आर्यन, सुहाना खान, विजय वर्मा और पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर समेत कई हस्तियां भी शामिल हुएं. कोल्डप्ले ने इससे पहले 2016 में मुंबई में ग्लोबल सिटीजन फेस्टिवल में प्रदर्शन किया था. उनका ये प्रदर्शन लोगों को बेहद पसंद आया था.