कॉकरोच जनता पार्टी से डर गया X? अकाउंट ब्लॉक होने पर हाई कोर्ट पहुंचे संस्थापक अभिजीत दिपके; जानें पूरा मामला
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने पार्टी का X अकाउंट ब्लॉक होने के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है.
सोशल मीडिया पर मजेदार राजनीतिक कंटेंट के जरिए चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी ने एक बार फिर सबकी नजरें अपनी ओर कर लीं. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर कर पार्टी के X अकाउंट को ब्लॉक किए जाने को चुनौती दी है. दिपके का कहना है कि अकाउंट को राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर रोका गया. इससे पहले उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को हैक भी किया गया था.
अकाउंट ब्लॉक होने पर हाई कोर्ट पहुंचे दिपके
अभिजीत दिपके ने अदालत में दायर याचिका में कहा है कि उनकी पार्टी के आधिकारिक X अकाउंट को बिना पर्याप्त जानकारी दिए ब्लॉक कर दिया गया. उनका दावा है कि अकाउंट पर कार्रवाई अचानक की गई और उन्हें पहले किसी तरह की चेतावनी नहीं मिली. दिपके ने अदालत से अकाउंट दोबारा शुरू कराने और सस्पेंशन के पीछे की वजह स्पष्ट करने की मांग की है.
Instagram अकाउंट हैक
दिपके ने अपने निजी X हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी का आधिकारिक Instagram अकाउंट पहले हैक हुआ था. उनके मुताबिक हैकिंग के बाद पार्टी की उस अकाउंट तक पहुंच पूरी तरह खत्म हो गई. उन्होंने आरोप लगाया कि इसके कुछ ही समय बाद X अकाउंट भी ब्लॉक कर दिया गया. दिपके का कहना है कि दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हो सकती हैं.
Also Read
सोशल मीडिया पर हुए फेमस
कॉकरोच जनता पार्टी पिछले कुछ महीनों में सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हुई थी. पार्टी अपने व्यंग्यात्मक वीडियो, मीम्स और राजनीतिक कटाक्ष वाले पोस्ट के कारण युवाओं के बीच लोकप्रिय हो गई थी. X और Instagram पर पार्टी की मौजूदगी लगातार मजबूत हो रही थी. डिजिटल कंटेंट के जरिए पार्टी ने बड़ी संख्या में फॉलोअर्स जुटाए थे. अब तक इस पूरे मामले पर न तो X की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है और न ही सरकारी एजेंसियों ने सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी है.