सीएम विजय और अमित शाह की हुई पहली मुलाकात, चेन्नई में आज होने वाली है अहम बैठक; इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा
सीएम विजय से अमित शाह की मुलाकात के बाद चेन्नई में दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक होगी, जहां जल बंटवारे और राज्यों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा होगी.
चेन्नई: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सीएम सी जोसेफ विजय की मुलाकात के बाद चेन्नई में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है. दोनों की दिग्गजों की यह पहली मुलाकात बताई जा रही है. दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 31वीं बैठक में अमित शाह अध्यक्षता करेंगे. तमिलनाडु इस अहम बैठक की मेजबानी कर रहा है. बैठक में दक्षिण भारत के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी. खास तौर पर नदी जल बंटवारे और आपसी विवादों पर नजर रहेगी.
फूलों से हुआ अमित शाह का स्वागत
अमित शाह बुधवार रात चेन्नई पहुंचे थे. इसके बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सीएम विजय ने उनका फूलों से स्वागत किया. दोनों नेताओं की मुलाकात को लेकर अमित शाह ने खुद तस्वीर साझा की है. इससे इस मुलाकात की राजनीतिक अहमियत भी बढ़ गई है. अमित शाह ने बताया कि उन्होंने कोवलम, चेंगलपट्टू में होने वाली दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक से पहले मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात की.
Also Read
आज होगी दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक
दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 31वीं बैठक की मेजबानी तमिलनाडु कर रहा है. यह बैठक कोवलम, चेंगलपट्टू में आयोजित होगी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे. बैठक में दक्षिण भारत के राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, उपराज्यपाल और प्रशासक हिस्सा लेंगे. बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्यों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मुद्दों पर बातचीत के जरिए समाधान तलाशना है.
जल बंटवारे के मुद्दे पर रहेगी नजर
बैठक में नदी जल बंटवारा सबसे अहम मुद्दों में से एक हो सकता है. दक्षिण भारत के कई राज्यों के बीच पानी को लेकर लंबे समय से मतभेद रहे हैं. इनमें कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से जुड़े जल विवाद शामिल हैं. तमिलनाडु और केरल के बीच भी नदी जल बंटवारे से जुड़े मुद्दे उठ सकते हैं. इसके अलावा आंध्र प्रदेश पुनर्गठन कानून से जुड़े लंबित विषयों पर भी चर्चा होने की संभावना है.
इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की होगी भागीदारी
दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद में दक्षिण भारत के प्रमुख राज्य और कुछ केंद्र शासित प्रदेश शामिल हैं. बैठक में शामिल होने वाले प्रमुख क्षेत्र इस प्रकार हैं;
- आंध्र प्रदेश
- कर्नाटक
- केरल
- तमिलनाडु
- तेलंगाना
- पुडुचेरी
- अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह
- लक्षद्वीप
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद के उपाध्यक्ष हैं.
राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर
दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद दो या उससे अधिक राज्यों के बीच उठने वाले मुद्दों पर बातचीत का मंच उपलब्ध कराती है. इसके जरिए केंद्र और राज्यों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की जाती है. इसका उद्देश्य आपसी सहयोग बढ़ाना और लंबित मामलों का समाधान निकालना है. इस बार तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच लंबित मुद्दों पर भी विशेष चर्चा हो सकती है. बैठक के बाद सामने आने वाले फैसलों पर सभी की नजर रहेगी.