CM नीतीश कुमार ने अपनी संपत्तियों का साझा किया ब्यौरा, जानें धनकुबेर मंत्रियों की लिस्ट कौन किसके आगे?
JDU के अंदर मचे उथल-पुथल के बीच नीतीश कैबिनेट ने अपनी संपत्तियों का ब्यौरा सार्वजनिक किया है. इस कड़ी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके कैबिनेट मंत्रियों का नाम शामिल है.
नई दिल्ली: JDU के अंदर मचे उथल-पुथल के बीच नीतीश कैबिनेट ने अपनी संपत्तियों का ब्यौरा सार्वजनिक किया है. इस कड़ी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके कैबिनेट मंत्रियों का नाम शामिल है. बिहार सरकार की वेबसाइट पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 1.64 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति के मालिक हैं. CM नीतीश कुमार के पास 22,552 रुपये नकद और विभिन्न बैंक खातों में 49,202 रुपये जमा हैं.
जानें नीतीश कुमार की चल और अचल संपत्ति
CM नीतीश कुमार के पास 11.32 लाख रुपये की एक फोर्ड इकोस्पोर्ट कार, 1.28 लाख रुपये की दो सोने की अंगूठियां और एक चांदी की अंगूठी, और अन्य चल संपत्ति, जिसमें 1.45 लाख रुपये की 13 गायें और 10 बछड़े, एक ट्रेडमिल, एक व्यायाम करने वाली साइकिल और एक माइक्रोवेव ओवन शामिल है. उनके पास एकमात्र अचल संपत्ति नई दिल्ली के द्वारका में केवल एक आवासीय फ्लैट है. जिसकी कीमत 2004 में 13.78 लाख रुपये थी, और अब इसकी कीमत 1.48 करोड़ रुपये बताई गयी है.
जानें तेजस्वी प्रसाद यादव की संपत्तियों का ब्यौरा
वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के पास 50,000 रुपये नकद हैं, जबकि उनकी पत्नी राजश्री के पास एक लाख रुपये नकद हैं. उपमुख्यमंत्री के बड़े भाई तेजप्रताप यादव के पास 98,562 रुपये नकद और करीब 3.58 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति भी है. वहीं बिहार सरकार के तमाम मंत्रियों ने अपनी संपत्तियों के बारे में जानकारी सार्वजनिक की है. सीएम और डिप्टी सीएम के साथ बिहार सरकार के तमाम मंत्रियों ने जानकारी साझा की है कि वो कितनी संपत्तियों के मालिक है. नीतीश कुमार की सरकार ने साल के अंतिम दिन सभी कैबिनेट मंत्रियों के लिए अपनी संपत्ति और देनदारियों का खुलासा करना अनिवार्य कर दिया है. इसी कड़ी हर साल की तरह सीएम नीतीश कुमार के साथ तमाम मंत्रियों ने अपनी संपत्तियों का ब्यौरा सार्वजनिक किया है.