'मैं जानती हूं CPM और BJP ने आरजी मेडिकल कॉलेज में तोड़फोड़ की...', पैदल मार्च के बाद बोलीं ममता बनर्जी
Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरजी कर अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर के समर्थन में एक रैली निकाली. उन्होंने पीड़िता के लिए न्याय और आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की. इसके अलावा उन्होंने हिंसा भड़काने के लिए बाम ( वामपंथी ) और राम ( बीजेपी ) पर आरोप लगाया.
Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने आरजी कर अस्पताल में हुई तोड़फोड़ को लेकर बाहरी लोगों और विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के खिलाफ एक रैली निकाली और पीड़िता के लिए न्याय और आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की. इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि यह काम बाम ( वामपंथी ) और राम ( बीजेपी ) ने हिंसा भड़काई.
उन्होंने कहा कि मुझे पता है कि सीपीएम और बीजेपी ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में तोड़फोड़ की. वे रात में 12 से 1 बजे के बीच वहां गए. वीडियो में दिख रहा है कि सीपीएम ने डीवाईएफआई का झंडा और बीजेपी ने राष्ट्रीय ध्वज लिया. उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज का दुरुपयोग किया है, उन्हें दंडित किया जाना चाहिए.
क्या बोलीं ममता बनर्जी?
एएनआई के अनुसार, सीएम बनर्जी ने कहा कि जिन लोगों ने कल आरजी कर अस्पताल में तोड़फोड़ की और यह हंगामा किया उनका आरजी कर मेडिकल कॉलेज के छात्र आंदोलन से कोई लेना-देना नहीं है. वे बाहरी लोग हैं, मैंने कई वीडियो देखे हैं, मेरे पास तीन वीडियो हैं, जिनमें कुछ लोग राष्ट्रीय ध्वज पकड़े हुए हैं. वे भाजपा के लोग हैं और कुछ डीवाईएफआई हैं जो सफेद और लाल झंडे पकड़े हुए हैं.
ममता ने पूछे ये सवाल
पश्चिम बंगाल की सीएम ने सवाल पूछा कि जब मणिपुर में घटना हुई तो बीजेपी और सीपीएम ने कितनी टीमें भेजीं? हाथरस, उन्नाव में कितनी टीमें भेजी गईं? सीपीएम और बीजेपी को मुझे धमकी नहीं देनी चाहिए, हम चुनाव लड़े बिना नहीं आए हैं.ममता बनर्जी ने इससे पहले कहा था कि बाम (वाम) और राम (भाजपा) बंगाल में अशांति पैदा करना चाहते हैं और ऐसा करने के लिए वे दोनों एक साथ आए हैं. उन्होंने कहा कि बुधवार को अस्पताल में तोड़फोड़ करने वालों का पीजी ट्रेनी डॉक्टर के बलात्कार और हत्या को लेकर डॉक्टरों के आंदोलन से कोई लेना-देना नहीं था. उन्होंने कहा कि बाहरी लोगों और राजनीतिक दलों ने तोड़फोड़ की.
आरोपी को फांसी दी जाए
उन्होंने कहा तोड़फोड़ की घटना जब हुई तब यह मामला सीबीआई को सौंपा जा चुका था. ममता बनर्जी ने कहा कि अब मामला हमारे हाथ में नहीं है. यह सीबीआई के हाथ में है, अगर आपको कुछ कहना है तो सीबीआई को बताएं, हमें कोई आपत्ति नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि डॉक्टर के बलात्कार और हत्या के लिए एकमात्र सजा फांसी है. उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ा अपराध है और इसकी एकमात्र सजा यही है कि आरोपी को फांसी दी जाए.