'प्रेमी' को सऊदी अरब से बुलाया, बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर नाबालिग ने किए 17 टुकड़े
Chhattisgarh Crime News: छत्तीसगढ़ के कोरबा की नाबालिग लड़की ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर खतरनाक वारदात को अंजाम दे दिया. लड़की ने अपने वर्तमान प्रेमी के साथ मिलकर पुराने प्रेमी को सऊदी अरब से यहां बुलाया. फिर वर्तमान प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद दोनों ने लाश के 17 टुकड़े किए और ठिकाने लगा दिया. लेकिन पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
Chhattisgarh Crime News: रांची के एक शख्स की छत्तीसगढ़ के कोरबा में निर्मम हत्या का मामला सामने आया है. हत्या का आरोप एक नाबालिग लड़की औऱ उसके प्रेमी पर लगा है. जिस शख्स की हत्या हुई है, वो फिलहाल सऊदी अरब में रहता था और वहां काम करता था. आरोपी नाबालिग प्रेमिका ने उसे सऊदी अरब से मिलने के लिए कोरबा बुलाया था. यहां आने के बाद नाबालिग ने अपने वर्तमान प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की, फिर लाश के 17 टुकड़े कर एक दिन के लिए फ्रीज में भी रखा. फिर टुकड़ों को स्कूल बैग में रखकर बांध (तालाब) में फेंक दिया. गांव वालों की जब नजर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने जांच पड़ताल की और आखिरकार आरोपी नाबालिग और उसके प्रेमी तक पहुंच ही गई.
आरोपी की पहचान चैतमा गांव में रहने वाले राजा खान और उसकी नाबालिग प्रेमिका, जबकि मृतक की पहचान वसीम के रूप में हुई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नाबालिग लड़की की आरोपी राजा के साथ दोस्ती थी, जो बाद में प्यार में बदल गई. कुछ महीनों के रिलेशन के बाद राजा और नाबालिग का ब्रेकअप हो गया. इसके कुछ दिनों बाद नाबालिग की ट्रेन में यात्रा के दौरान रांची के वसीम से मुलाकात हुई. दोनों ने नंबर लिया और फिर बातचीत होने लगी. कुछ दिनों की बातचीत प्यार में बदल गई.
वसीम सऊदी अरब गया तो राजा की दोबारा हुई एंट्री
वसीम जब कमाने के लिए सऊदी अरब चला गया, तो नाबालिग की लाइफ में पुराने प्रेमी राजा की दोबारा एंट्री हुई. इस दौरान नाबालिग लड़की ने उसे अपने और वसीम के बारे में बताया. उसने बताया कि हम दोनों एक दूसरे से प्यार करते हैं. इंस्टाग्राम पर वीडियो कॉल से बात भी होती है. नाबालिग ने ये भी बताया कि इंस्टाग्राम पर न्यूड कॉल के दौरान मैंने उसका वीडियो भी बनाया है. ये सब कुछ जानने के बाद राजा ने वसीम को रास्ते से हटाने प्लान बनाया.
उधर, नाबालिग लड़की ने भी वसीम को राजा के वापस आने की जानकारी दी. ये जानने के बाद वसीम ने नाबालिग से मिलने की बात कही. राजा को जब ये बात पता चली तो प्लानिंग के तहत उसने नाबालिग प्रेमिका से कहा कि तुम वसीम को कोरबा बुला लो. इसके बाद नाबालिग ने वसीम को कोरबा बुलाया. यहां नाबालिग और उसके वर्तमान प्रेमी ने मिलकर वसीम की हत्या कर दी. फिर लाश के 17 टुकड़े कर बांध में फेंक दिए.
जानकारी के मुताबिक, वसीम अपने बारे में हर छोटी और बड़ी जानकारी नाबालिग को देता था. नाबालिग को उसने अपने बैंक की डिटेल भी दी थी. वारदात को अंजाम देने के बाद नाबालिग ने राजा के साथ मिलकर वसीम के बैंक अकाउंट से 8 लाख रुपये भी निकाल लिए. इसके बाद दोनों ओडिशा चले गए थे, लेकिन जांच पड़ताल के दौरान पुलिस दोनों तक पहुंच गई और उन्हें गिरफ्तार कर कोरबा लाई. फिलहाल, दोनों को जेल भेज दिया गया है.
आखिरकार आरोपियों तक कैसे पहुंची पुलिस?
तीन दिन पहले कोरबा पुलिस को गांव के लोगों ने बांध के किनारे बैग और झोले में लाश के टुकड़े के होने की जानकारी दी थी. पुलिस ने जब पड़ताल शुरू की, तो लाश के टुकड़ों के साथ कुछ डॉक्यूमेंट्स बरामद हुए, जिससे उसकी पहचान वसीम के रूप में हुई, जो सऊदी अरब से यहां आया था.
पुलिस ने वसीम के परिजन को जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने इसकी शिनाख्त की. परिजन ने बताया कि वसीम तीन भाई बहनों में सबसे छोटा था. ढाई साल पहले वो काम के सिलसिले में सऊदी अरब गया था. मामले की जांच में जुटी पुलिस ने बताया कि तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान हुई और उन्हें ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया गया.