एक तरफ केजरीवाल से प्रचार करवा रही कांग्रेस, अब चरणजीत चन्नी बोले, 'स्वागत नहीं विरोध होना चाहिए'

Charanjit Channi on Arvind Kejriwal: अंतरिम जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुरुवार को पहली बार पंजाब पहुंच रहे हैं. उनके पंजाब आने को लेकर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी ने उनपर निशाना साधा है.

India Daily Live

Charanjit Channi on Arvind Kejriwal: दिल्ली शराब घोटाले मामले में अंतरिम बेल पर चुनाव प्रचार के लिए जेल से बाहर आए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जोरदार तरीके से प्रचार कर रहे हैं. वो बीजेपी सरकार पर जमकर बरस रहे हैं. उनके जेल से बाहर आते ही इंडिया गठबंधन में एक अलग तरह की फुर्ती देखने को मिल रही है. उनके प्रचार प्रसार से कांग्रेस को जबर फायदा होने वाला है. गुरुवार को केजरीवाल पंजाब पहुंचेंगे. वह चुनावी रैली और रोड शो करेंगे. इसे लेकर जालंधर से कांग्रेस प्रत्याशी और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने केजरीवाल पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि पंजाब में केजरीवाल का स्वागत नहीं विरोध होना चाहिए.

केजरीवाल गुरुवार को पंजाब में रोड शो करने वाले हैं. इस सवाल पर कांग्रेस नेता चरणजीत चन्नी ने कहा कि दिल्ली में बड़ा शराब घोटाला हुआ. ठीक वैसा ही घोटाला पंजाब में भी हुआ है.

'पंजाब में भी हुआ शराब घोटाला'

उन्होंने आगे कहा कि पंजाब में दिल्ली की तरह हुए शराब घोटाले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. हम चाहते हैं इसकी जांच हो उचित कार्रवाई की जाए. दिल्ली वालों ने नई शराब नीति वापस भी ले ली थी. लेकिन पंजाब वालों ने शराब नीति वापस भी नहीं ली.  

इनका स्वागत नहीं विरोध करना चाहिए

केजरीवाल पर हमला करते हुए चरणजीत ने कहा कि केजरीवाल 15 दिनों के लिए बाहर आए हैं. उन पर विश्वास नहीं किया जा सकता है. आम आदमी पार्टी पंजाब को लूट रही है. ये 80 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेकर पार्टी चला रहे हैं. इनका पंजाब में स्वागत नहीं विरोध करना चाहिए.

पंजाब की 13 सीटों पर चुनाव लड़ रही है 'आप'

जेल से बाहर आने के बाद आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल गुरुवार को अमृतसर में चुनावी कैंपेन करेंगे. वह शाम 6 बजे रोड शो करेंगे. केजरीवाल के साथ चुनावी कैंपेन में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहेंगे. आम आदमी पार्टी पंजाब की सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ रही है.