दुर्लभ खनिजों की रीसाइकिलिंग के लिए कैबिनेट का बड़ा फैसला, 1,500 करोड़ की प्रोत्साहन योजना को दी मंजूरी

कैबिनेट ने महत्वपूर्ण खनिजों की रीसाइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है. कैबिनेट ने 1,500 करोड़ की प्रोत्साहन योजना को मंजूरी दे दी है.

web
Kuldeep Sharma

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने 1,500 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन योजना को मंजूरी दे दी है. इस योजना के तहत द्वितीयक स्रोतों से दुर्लभ खनिजों के पृथक्करण और उत्पादन के लिए देश में रीसाइकिलिंग क्षमता विकसित की जाएगी.

चीन द्वारा रेयर अर्थ्स पर निर्यात प्रतिबंध लगाए जाने के बाद भारत ने अपनी सप्लाई चेन सुरक्षित करने और आयात निर्भरता घटाने के लिए यह अहम कदम उठाया है.

केंद्रीय मंत्रीमंडल की बैठक में हुआ फैसला

भारत ने वैश्विक खनिज आपूर्ति श्रृंखला में बढ़ती चुनौतियों के बीच एक बड़ा फैसला लिया है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में 1,500 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन योजना को हरी झंडी दी गई. इस योजना का उद्देश्य घरेलू स्तर पर रीसाइकिलिंग और उत्पादन को बढ़ावा देना है, ताकि इलेक्ट्रिक वाहनों, इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाले रेयर अर्थ खनिजों की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके.
 


1,500 करोड़ की योजना को दी मंजूरी

केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा मंजूर की गई यह योजना नियोडिमियम, डिस्प्रोसियम, टर्बियम और समेरियम जैसे महत्वपूर्ण खनिजों की रीसाइकिलिंग को प्रोत्साहित करेगी. इन खनिजों का इस्तेमाल हाई-परफॉर्मेंस मैग्नेट्स में होता है, जो ईवी, क्लीन-टेक और रक्षा उद्योग के लिए बेहद जरूरी हैं. योजना का मकसद न केवल घरेलू रीसाइकिलिंग नेटवर्क विकसित करना है, बल्कि चीन पर बढ़ती निर्भरता को कम करना भी है. सरकार का मानना है कि इससे आने वाले वर्षों में भारत वैश्विक खनिज आपूर्ति में मजबूत भूमिका निभा सकेगा.