Budget 2026

Budget 2026: 'उम्मीद से बहुत पीछे...', कांग्रेस ने बजट 2026 की जमकर की आलोचना

संसद में वित्त मंत्री द्वारा पेश किए गए आम बजट पर विपक्ष तीखा हमला बोला है. कांग्रेस ने इसे हाइप के मुकाबले बेहद कमजोर और बोरिंग बताया है. जयराम रमेश ने कहा कि 90 मिनट के भाषण में प्रमुख योजनाओं के आवंटन पर कोई स्पष्टता नहीं थी. प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव ने भी बजट को निराशाजनक करार दिया है.

ani
Kuldeep Sharma

नई दिल्ली: रविवार को विपक्षी दलों ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए यूनियन बजट 2026-27 पर जोरदार हमला बोला. कांग्रेस ने इसे हाइप के अनुरूप नहीं बताया और कहा कि बजट में प्रमुख योजनाओं और कार्यक्रमों के खर्च की कोई साफ तस्वीर नहीं दिखाई गई. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट कर बजट को पूरी तरह फीका और अस्पष्ट बताया. प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार से ज्यादा उम्मीद न होने की बात कही, जबकि समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इसे सिर्फ पांच फीसदी लोगों के लिए बनाया गया बजट करार दिया.

कांग्रेस का तीखा हमला

जयराम रमेश ने कहा कि 90 मिनट लंबे भाषण के बावजूद बजट दस्तावेजों में प्रमुख योजनाओं के लिए आवंटन की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली. उन्होंने इसे हाइप के मुकाबले बेहद कमजोर और बिना जान वाला बताया. रमेश ने जोर दिया कि बजट में पारदर्शिता की पूरी कमी थी और आम लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा. 

प्रियंका गांधी ने क्या कहा

प्रियंका गांधी ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें मोदी सरकार के बजट से कोई खास उम्मीद नहीं थी. उन्होंने संकेत दिया कि यह बजट आम आदमी की समस्याओं को हल करने में नाकाम रहेगा. उनकी यह टिप्पणी कांग्रेस की ओर से बजट को लेकर पहले से बनी निराशा को दर्शाती है.

अखिलेश यादव का कड़ा प्रहार

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में बजट को सबसे तीखे शब्दों में निशाना बनाया. उन्होंने आरोप लगाया कि यह बजट सिर्फ पांच फीसदी अमीर तबके के लिए बनाया गया है. अखिलेश ने सवाल किया कि क्या सरकार ने अपने घोषणापत्र में किए वादों को पूरा किया?. उनका कहना था कि आम जनता के लिए इस बजट में कुछ नहीं है. 

टीएमसी का सतर्क रुख

त्रिणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी ने अभी विस्तृत प्रतिक्रिया देने से परहेज किया है. उन्होंने कहा कि बिना सुनें उम्मीदें या टिप्पणियां करना उचित नहीं होगा.