बॉम्बे हाईकोर्ट क्लर्क भर्ती के लिए रविवार को आयोजित टाइपिंग टेस्ट को लेकर महाराष्ट्र में विवाद खड़ा हो गया. छात्रों ने परीक्षा के दौरान कंप्यूटर सिस्टम और दूसरे उपकरणों में तकनीकी खराबी का आरोप लगाया. उनका दावा है कि परीक्षा शुरू होने के कुछ ही समय बाद कई अभ्यर्थियों को सिस्टम से लॉगआउट कर दिया गया और बाद में उन्हें असफल घोषित कर दिया गया. इन घटनाओं को लेकर छात्रों में नाराजगी बढ़ी और उन्होंने दोबारा परीक्षा कराने की मांग उठाई.
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने छात्रों से मिली जानकारी के आधार पर परीक्षा में कथित अनियमितताओं पर सवाल उठाए. दिपके के मुताबिक, कुछ अभ्यर्थियों ने बताया कि परीक्षा शुरू करने के लिए बैठते ही उन्हें खराब माउस और काम नहीं कर रहे कीबोर्ड जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा. उन्होंने दावा किया कि करीब 10 मिनट के भीतर बड़ी संख्या में छात्र सिस्टम से बाहर हो गए और इसके बाद उन्हें फेल घोषित कर दिया गया.
अभिजीत दिपके ने इस पूरे घटनाक्रम को सिस्टम और सरकारी व्यवस्था की विफलता बताया. उनका सवाल था कि यदि ऑनलाइन परीक्षा के लिए पर्याप्त तकनीकी ढांचा उपलब्ध नहीं है तो ऐसी परीक्षाएं आयोजित क्यों की जाती हैं. उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर, कीबोर्ड और माउस की पहले से जांच होनी चाहिए थी. साथ ही सर्वर की क्षमता और कनेक्टिविटी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए थी, ताकि अभ्यर्थियों को तकनीकी वजहों से नुकसान न उठाना पड़े.
#WATCH | Chhatrapati Sambhajinagar, Maharashtra: On the alleged irregularity during Bombay High Court clerk recruitment typing test, Cockroach Janta Party (CJP) Founder Abhijeet Dipke says, "Students just informed me that they had a High Court exam this morning. As soon as they… pic.twitter.com/pvskorGFCu
— ANI (@ANI) August 16, 2026
तकनीकी दिक्कतों के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया. मिली जानकारी के अनुसार, परीक्षा में सामने आई समस्याओं को लेकर अभ्यर्थियों ने अपनी नाराजगी जाहिर की. CJP की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए पोस्ट के मुताबिक, अभिजीत दिपके भी छात्रों के प्रदर्शन में शामिल हुए. पार्टी ने बताया कि दिपके छत्रपति संभाजीनगर में छात्रों के साथ धरने पर बैठे और उनकी री-एग्जाम की मांग का समर्थन किया.
CJP Founder @abhijeet_dipke has joined the protest by students who are demanding re-exam for the Bombay High Court’s typing exam which had massive irregularities across Maharashtra’s digital centres.
— Cockroach Janta Party - CJP (@Cockroachisback) August 16, 2026
Abhijeet had joined the protest in Chhatrapati Sambhajinagar in solidarity… pic.twitter.com/JLiwZUaIAH
छात्रों की मुख्य मांग है कि तकनीकी समस्याओं से प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा दोबारा आयोजित की जाए. उनका कहना है कि यदि खराब उपकरण या सिस्टम संबंधी समस्या के कारण परीक्षा प्रभावित हुई है तो उसका खामियाजा छात्रों को नहीं भुगतना चाहिए. फिलहाल इस मामले में छात्रों के आरोपों और विरोध के बीच संबंधित अधिकारियों की ओर से आगे क्या कदम उठाया जाता है, इस पर नजर बनी हुई है.