'भारत में रहने पर शर्म आती है', कपिल सिब्बल के बयान पर सियासी घमासान, बीजेपी ने बताया देश का अपमान
सिब्बल ने कहा कि वो उस देश में रहते हुए शर्म महसूस कर रहे हैं जहां सत्ता में बैठी पार्टी लोकतंत्र की जड़ें खोदने के लिए कोई भी हथकंडा अपनाती है. अब बीजेपी ने उनके बयान पर पलटवार किया है.
सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा कि वो इस देश में रहते हुए शर्म महसूस करते हैं. उनके इस जवाब पर बीजेपी ने पलटवार किया है. पार्टी ने कहा कि सिब्बल जिस देश से करोड़ों कमाते हैं उसी देश में रहने को शर्मिंदगी बता रहे हैं.
बीजेपी ने सवाल किया कि जब 2021 में पश्चिम बंगाल में हिंसा हुई और सैकड़ों लोग मारे गए तब सिब्बल ने मुंह क्यों नहीं खोला. बता दें कि सिब्बल ने टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमले को लेकर रविवार को बयान दिया था. उन्होंने कहा कि वो उस देश में रहते हुए शर्म महसूस कर रहे हैं जहां सत्ता में बैठी पार्टी लोकतंत्र की जड़ें खोदने के लिए कोई भी हथकंडा अपनाती है. अब बीजेपी ने उनके बयान पर पलटवार किया है.
शहजाद पूनावाला का पलटवार
इसके जवाब में बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक वीडियो जारी कर कहा कि सिब्बल इसी देश की सुप्रीम कोर्ट में वकालत करके करोड़ों रुपए कमाते हैं, फिर भी वो इस देश में रहने पर शर्मिंदगी जताते हैं.
पूनावाला ने आगे कहा कि जब 2021 में पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा हुई थी और तीन सौ से ज्यादा बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता कथित तौर पर मारे गए थे तब कपिल सिब्बल ने एक शब्द नहीं बोला. आरजीकर मामले में भी चुप रहे और संदेशखाली मामले पर भी चुप रहे. पूनावाला ने कहा कि बीजेपी का विरोध करना अलग बात है लेकिन देश का विरोध करना अलग बात है. राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं लेकिन देश के नफरत क्यों?
अभिषेक बनर्जी पर हमला सही नहीं
पूनावाला ने कहा कि वह अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को सही नहीं ठहरा रहे लेकिन उन्होंने यह भी दावा किया कि जो लोग इस मामले में पकड़े गए हैं, उनमें से कुछ का संबंध टीएमसी से ही है. उन्होंने आगे कहा कि ज्यादातर विपक्षी नेताओं ने इस हमले की खुलकर निंदा नहीं की है बल्कि वे इसे टीएमसी का अंदरूनी झगड़ा बता रहे हैं.