'खड़ा हूं आज भी वहीं...,' जेपी नड्डा ने राहुल गांधी के 'वोट चोरी' दावे का उड़ाया मजाक; शेयर किया VIDEO

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राहुल गांधी के "वोट चोरी" के दावों की आलोचना करते हुए एक वीडियो शेयर किया है और आरोप लगाया है कि यह एक "स्क्रिप्टेड पीआर" स्टंट है. वीडियो में एक महिला मतदाता सूची से नाम गायब होने की अपनी शिकायत वापस लेती हुई दिखाई दे रही है.

x
Mayank Tiwari

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार (19 अगस्त) को विपक्ष के नेता राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ दावे का मजाक उड़ाया. उन्होंने एक्स पर एक वीडियो रीपोस्ट किया, जिसमें राहुल की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को ‘स्क्रिप्टेड पीआर’ करार दिया गया. वीडियो में यात्रा के दौरान एक महिला ने दावा किया कि उसके परिवार के छह सदस्यों के नाम चुनाव आयोग की विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) ड्राफ्ट सूची से हटा दिए गए. हालांकि, बाद में उसी महिला ने खुलासा किया कि उसे ये दावे करने के लिए कहा गया था.

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर एक वीडियो पोस्ट किया. इस वीडियो के कैप्शन में लिखा गया, “राहुल गांधी का ‘वोट चोरी’ ड्रामा पीआर डिजास्टर बन रहा है. जहां पहले चुनाव आयोग ने उन्हें सात दिन का अल्टीमेटम दिया, अब लोग उन्हें बेनकाब कर रहे हैं: ‘यह स्क्रिप्टेड पीआर था, हमने कहा लेकिन हमारे नाम मतदाता सूची में हैं.’ राहुल की एक और माफी आने वाली है.”

बिहार में चल रही वोटर अधिकार यात्रा का क्या है उद्देश्य!  

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ रविवार को सासाराम से शुरू हुई, जो बिहार में चुनाव आयोग की मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) और ‘वोट चोरी’ के आरोपों के खिलाफ 16 दिनों का अभियान है. यह यात्रा 1,300 किमी से अधिक दूरी तय करते हुए 20 से अधिक जिलों को कवर करेगी और 1 सितंबर को पटना में खत्म होगी.