BJP मुख्यालय में आज 3 अहम बैठकें, नितिन नवीन की नई टीम के ऐलान के बाद पहली मीटिंग ? इन मुद्दों पर रहेगा फोकस!
बीजेपी मुख्यालय में आज शनिवार को तीन अहम बैठकें होने वाली हैं. नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम के ऐलान के बाद पहली बैठक में नए पदाधिकारियों का परिचय होगा.
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली स्थित मुख्यालय में शनिवार का दिन संगठन के लिहाज से काफी अहम रहने वाला है. 22 अगस्त को यहां लगातार तीन बड़ी बैठकें होंगी. इन बैठकों में पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम के पदाधिकारियों से परिचय के साथ आगे की राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा होगी. नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद घोषित नई टीम के साथ यह अहम बैठकें पार्टी की आगामी रणनीति के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं.
बैठक में सबसे ज्यादा चर्चा किसपर
इन बैठकों में सबसे ज्यादा चर्चा ‘Modi@25’ कार्यक्रम को लेकर होने की संभावना है. इसके अलावा पार्टी के आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक मजबूती और चुनावी तैयारियों पर भी विचार किया जाएगा. दिन की शुरुआत नई राष्ट्रीय टीम के औपचारिक परिचय से होगी, जबकि शाम की बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारियों और राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों की मौजूदगी रहेगी. गृह मंत्री अमित शाह भी इस बैठक को संबोधित कर सकते हैं. ऐसे में शनिवार को बीजेपी मुख्यालय की गतिविधियों पर खास नजर रहेगी.
सुबह 10 बजे शुरू होगी पहली बैठक
पहली बैठक सुबह 10 बजे शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक चलेगी. इसमें नितिन नवीन की हाल ही में घोषित नई राष्ट्रीय टीम के सभी पदाधिकारियों का औपचारिक परिचय कराया जाएगा. पार्टी ने नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी जिम्मेदारी दी है.
Also Read
नई टीम के कामकाज पर होगी चर्चा
बैठक का एक अहम उद्देश्य नए पदाधिकारियों को संगठन के कामकाज और पार्टी की प्राथमिकताओं से परिचित कराना है. इसके जरिए नई टीम के सदस्यों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर भी जोर रहेगा. दोपहर में होने वाली दूसरी बैठक का मुख्य एजेंडा ‘Modi@25’ कार्यक्रम रहेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 साल पूरे होने जा रहे हैं. बीजेपी इस मौके को बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है.
देशभर के कार्यक्रमों की बनेगी रूपरेखा
इस बैठक में देशभर में प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा होगी. पार्टी जनता तक पहुंच बढ़ाने के तरीकों और विभिन्न अभियानों की टाइमलाइन को लेकर भी योजना तैयार करेगी.तीसरी बैठक शाम 6 बजे शुरू होगी. इसमें नितिन नवीन के अलावा पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी और सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे. संगठन और चुनावी तैयारियों के लिहाज से इसे दिन की सबसे अहम बैठक माना जा रहा है.
अमित शाह दे सकते हैं संबोधन
गृह मंत्री अमित शाह भी शाम की बैठक को संबोधित कर सकते हैं. उनके संबोधन में संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने की रणनीति पर दिशा मिलने की संभावना है. शाम की बैठक में आने वाले चुनावों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होगी. इसके साथ पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी रणनीति बनाई जाएगी.
17 अगस्त को घोषित हुई थी टीम
नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान 17 अगस्त को हुआ था. इसमें राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राम माधव, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और ओडिशा के बैजयंत जय पांडा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया. पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है. 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में पांच महिलाएं हैं. वहीं आठ राष्ट्रीय महामंत्रियों में स्मृति ईरानी अकेली महिला हैं.
बड़े पदाधिकारी बैठक में होंगे शामिल
राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और सुनील बंसल भी बैठक में मौजूद रहेंगे. संगठन महासचिव बीएल संतोष, मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी और राष्ट्रीय सचिव अनिल एंटनी भी रणनीति तैयार करने में शामिल होंगे. राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पीयूष गोयल, संयुक्त कोषाध्यक्ष राजेश मंगल, नॉर्थ-ईस्ट कोऑर्डिनेटर संबित पात्रा, कार्यालय प्रभारी तरुण चुघ और सोशल मीडिया संयोजक दीपक म्हास्के भी चर्चा का हिस्सा होंगे. कुल मिलाकर शनिवार की तीनों बैठकों में नई टीम के साथ बीजेपी के आगे के कार्यक्रमों, ‘Modi@25’, संगठन और चुनावी रणनीति पर खास मंथन होगा.