भाजपा के 'पितामह' लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न, पीएम मोदी ने किया ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया एक्स पर ट्वीट करके इस सम्मान का ऐलान किया है. लाल कृष्ण आडवाणी को भाजपा का पितामह के साथ-साथ राम मंदिर आंदोलन का पुरोधा भी कहा जाता है.
Bharat Ratna Lal Krishna Advani: भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्टी के पितामह कहे जाने वाले लाल कृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने का ऐलान किया गया है. पीएम मोदी ने ट्वीट करके इसकी जानकारी साझा की है. साथ ही पीएम मोदी ने आडवाणी को फोन करके भी बधाई दी है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र ने अपने ट्वीट में लिखी ये बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र ने ये जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया एक्स पर शेयर की है. उन्होंने लिखा कि मुझे यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि लालकृष्ण आडवाणी जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा. मैंने भी उनसे बात की और इस सम्मान से सम्मानित होने पर उन्हें बधाई दी है.
Also Read
हमारे समय के सबसे सम्मानित राजनेताओं में से एक, भारत के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय है. उनका जीवन जमीनी स्तर पर काम करने से शुरू होकर हमारे उपप्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा करने तक का रहा है. उन्होंने हमारे गृह मंत्री और सूचना एवं प्रसारण मंत्री के रूप में भी अपनी पहचान बनाई. उनके कार्य हमेशा अनुकरणीय और समृद्ध अंतर्दृष्टि से भरे रहे हैं.
ये मेरे लिए बेहद भावुक क्षण हैः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा है कि सार्वजनिक जीवन में आडवाणी जी की दशकों लंबी सेवा रही है. इस सेवा में उन्होंने पारदर्शिता और अखंडता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के कई उदाहरण दिए हैं. इसने उन्होंने राजनीतिक नैतिकता में एक अनुकरणीय मानक स्थापित किए.
पीएम मोदी ने लिखा कि उन्होंने राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक पुनरुत्थान को आगे बढ़ाने में अद्वितीय प्रयास किए. पीएम मोदी ने कहा कि आडवाणी जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना मेरे लिए बहुत भावुक क्षण है. मैं इसे हमेशा अपना सौभाग्य मानूंगा कि मुझे उनके साथ बातचीत करने और उनसे सीखने के अनगिनत मौके मिले.