कर्नाटक में कार धुलने पर लगेगा 5 हजार का जुर्माना! जानें सरकार ने क्यों लिया यह फैसला

Bengaluru Water Crisis: कर्नाटक में कार धोने पर सरकार की ओर से 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाने का ऐलान किया है. सरकार के नए नियमों के अनुसार अगर आप साफ पानी से अपनी कार धोचते हैं तो 5 हजार का जुर्माना लगाया जाएगा.

India Daily Live

Bengaluru Water Crisis: कर्नाटक सरकार ने कार धोने से संबंधित एक नया नियम निकाला है. इस नियम के तहत अगर आप कर्नाटक में रहते हैं और साफ पानी, यानी पीने योग्य पानी से कार धोते हैं तो यह आपके लिए एक महंगा सौदा हो सकता है और इसके लिए आपको जुर्माना भी देना पड़ सकता है. सरकार के नए नियम के तहत इसके लिए आपको 5 हजार रुपए का जुर्माना चुकाना पड़ सकता है.

कर्नाटक सरकार के नए नियमों के अनुसार साफ पानी से कार धोने पर पांच हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा. राज्य सरकार की ओर से यह फैसला पानी की किल्लत को देखते हुए लिया गया है. कर्नाटक वाटर सप्लाई और सीवर बोर्ड की ओर से साफ पानी से कार धुलाई को बैन कर दिया गया है. इसके अलावा गार्डनिंग, मरम्मत के काम, वॉटर फाउंटेन, सड़क के निर्माण और देखभाल के काम में साफ पानी के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई है.

कर्नाटक में पानी की समस्या

कर्नाटक के बेंगलुरु समेत कई शहरों में इन दिनों पानी की समस्या देखने को मिल रही है. हालात को देखते हुए तीन हजार से ज्यादा टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जा रही है. पानी को लेकर हर तरफ मारामारी है. इसी को देखते हुए कई जगहों पर टैंकर मालिकों द्वारा पानी के लिए अतिरिक्त रकम लिए जाने की भी बात सामने आई है. कर्नाटक सरकार की ओर से टैंकर मालिकों को चेतावनी जारी कर पानी की टैंकरों की कीमत फिक्स करने के साथ-साथ पानी के टैंकर मालिक को अतिरिक्त रकम नहीं लेने की बात कही है.

पानी के टैंकरों की कीमत जारी 

पानी की समस्या और टैंकरों की बढ़ती मांग को देखते हुए बेंगलुरु शहर प्राधिकरण ने पानी के टैंकरों की कीमत भी जारी कर दी है. शहर में पांच किलोमीटर तक 6 हजार लीटर वाले टैंकर के लिए 600 रुपए है. 8 हजार लीटर वाले टैंकर के लिए 700 रुपए और 12 हजार लीटर वाले टैंकर के लिए एक हजार रुपए चुकाने होंगे.