तुम अपनी जॉब बदल दो... नहीं मानी कोरियोग्राफर पत्नी तो कैब ड्राइवर पति ने गला काटकर की हत्या
बेंगलुरु में एक कैब ड्राइवर पति ने अपनी कोरियाग्राफर पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी. कहा जा रहा है कि कैब ड्राइवर पति अपनी पत्नी के प्रोफेशन से खुश नहीं था. उसने अपनी पत्नी से कहा था कि तुम अपनी जॉब चेंज कर लो. पत्नी ने अपनी पति की इस बात को मानने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ था. वारदात की जानकारी के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.
बेंगलुरु में एक शख्स को अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति पेशे से कैब ड्राइवर है, जबकि उसकी पत्नी कोरियोग्राफर थी. आरोप पति अपनी पत्नी की जॉब से खुश नहीं था और वो चाहता था कि उसकी पत्नी ये प्रोफेशन चेंज कर दे. हालांकि, आरोपी की पत्नी को अपने प्रोफेशन से प्यार था, लिहाजा उसने अपने पति की बात को मानने से इनकार कर दिया. इस बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी झगड़ा होता रहता था. बुधवार की शाम को दोनों के बीच भी झगड़ा हुआ था, जिसके बाद रात को आरोपी पति ने अपनी पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 31 साल के किरण के रूप में, जबकि उसकी मृत पत्नी की पहचान नव्याश्री के रूप में हुई है. वारदात के दौरान नव्याश्री की बचपन की दोस्त ऐश्वर्या उसके साथ थी. गुरुवार सुबह जब ऐश्वर्या सोकर उठी, तो उसने देखा कि बिस्तर खून से गीला है और उसके बगल में नव्याश्री की लाश पड़ी है. उसका गला कटा हुआ था. ऐश्वर्या ने इसकी जानकारी पुलिस को दी.
नव्याश्री और किरण की तीन साल पहले हुई थी शादी
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 25 साल की कोरियोग्राफर नव्याश्री अपने पति किरण के साथ केंगेरी उपनगर के एसएमवी लेआउट में रह रही थी. दोनों की शादी को तीन साल हो चुके थे. पुलिस में शिकायत दर्ज कराने वाली नव्याश्री की दोस्त ऐश्वर्या ने बताया कि 27 अगस्त की सुबह उसे नव्याश्री का एक मैसेज मिला था. जब ऐश्वर्या शाम करीब 4.30 बजे नव्याश्री के घर पहुंची तो नव्याश्री ने उसे बताया कि वो काफी परेशान है.
नव्याश्री ने अपने एक अन्य दोस्त अनिल को फोन करके अपनी परेशानियों को शेयर किया था और उससे मिलने को कहा था. बुधवार शाम को ही ऐश्वर्या औऱ अनिल, नव्याश्री के फ्लैट पर पहुंचे. इस दौरान अनिल और ऐश्वर्या को नव्याश्री ने अपनी पति से विवाद की पूरी कहानी बताई. फिर अनिल ने पुलिस से शिकायत करने की बात कही. लेकिन थोड़ी देर बाद तीनों बातचीत में लग गए.
आरआर नगर में एक रियल एस्टेट फर्म में काम करने वाली ऐश्वर्या ने पुलिस को बताया कि मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरी दोस्त मेरे बगल में मृत पड़ी होगी. ऐश्वर्या के मुताबिक, किरण ने ही अपनी पत्नी नव्याश्री का गला रेत दिया और उसकी हत्या कर दी.
पुलिस के मुताबिक, ऐश्वर्या और नव्याश्री शिवमोगा के भद्रावती की रहने वाली थीं और दोनों बचपन की दोस्त थीं. ऐश्वर्या ने बताया कि किरण और नव्याश्री एक-दूसरे से प्यार करते थे और बाद में दोनों ने शादी कर ली थी. हालांकि, दोनों के परिवार इस शादी से खुश नहीं थे.
पिछले एक साल से किरण-नव्याश्री में बढ़ गए थे झगड़े
एक अधिकारी ने बताया कि पिछले एक साल में नव्याश्री और किरण के बीच झगड़े बढ़ गए थे. किरण अपनी कोरियोग्राफर पत्नी की सामाजिक स्थिति को देखते हुए असुरक्षित महसूस करता था. किरण चाहता था कि नव्याश्री अपना पेशा बदल ले, लेकिन वो इसके लिए राजी नहीं हुई. इस बात को लेकर दोनों के बीच झगड़े होते थे.
अधिकारी के मुताबिक, किरण अक्सर अपनी पत्नी नव्याश्री का मोबाइल भी चेक करता था. इस बात को लेकर भी दोनों के बीच झगड़ा होता था. बुधवार को नव्याश्री ने परेशान होकर ऐश्वर्या को घर बुलाया था.
ऐश्वर्या शाम को नव्याश्री के घर पर ही रुक गई ताकि वो उसके साथ रह सके. पुलिस ने बताया कि डिनर से पहले नव्याश्री और ऐश्वर्या ने बियर पी. इसके बाद डिनर में किरण भी शामिल हुआ.
डिनर के दौरान किसी बात को लेकर किरण और नव्याश्री के बीच फिर से झगड़ा हुआ. इस दौरान वहां मौजूद ऐश्वर्या ने दोनों को अलग कराया. फिर थोड़ी देर बाद ऐश्वर्या और नव्याश्री सोने चली गईं,, जबकि किरण दूसरे कमरे में जाकर सो गया. ऐश्वर्या के मुताबिक, जब वो सुबह उठी तो बगल में नव्याश्री की लाश पड़ी थी और उसका गला रेता हुआ था, जबकि दूसरे कमरे से किरण गायब था. ऐश्वर्या की शिकायत के आधार पर पुलिस ने किरण को गिरफ्तार कर लिया. केंगेरी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है.
और पढ़ें
- 'मैं आपका प्रचार नहीं कर पाऊंगा, मन करे तो नाम वापस ले लीजिए...', अपनी ही पार्टी के कैंडिडेट्स से ऐसा क्यों बोले गुलाम नबी आजाद?
- 11 साल की मासूम के साथ 35 साल के शख्स ने किया था रेप, 60 दिनों बाद धरा गया
- रेंज असीमित, पानी के अंदर 44KM प्रतिघंटा की स्पीड; आज देश को मिलेगी दूसरी परमाणु पनडुब्बी INS Arighat