150 करोड़ के फंड को लेकर BCI में घमासान, को-चेयरमैन ने मांगा मनन मिश्रा का इस्तीफा

बार काउंसिल ऑफ इंडिया में 150 करोड़ रुपए के कथित फंड ट्रांसफर और नियुक्तियों को लेकर विवाद गहराया गया है. विवाद के बीच सह-अध्यक्ष ने चेयरमैन ममन मिश्रा से इस्तीफा मांगा है.

X
Sagar Bhardwaj

बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) में चेयरमैन मानन कुमार मिश्रा के खिलाफ गंभीर आरोपों ने विवाद खड़ा कर दिया है. BCI के सह-अध्यक्ष वाईआर सदाशिव रेड्डी ने 22 अगस्त को भेजे छह पन्नों के पत्र में मिश्रा पर परिषद के कामकाज में पारदर्शिता की कमी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं. उन्होंने 15 दिनों के भीतर इस्तीफा देने की मांग की है.

150 करोड़ निजी ट्रस्ट में भेजने का आरोप

रेड्डी का दावा है कि BCI के पुराने ट्रस्ट के निष्क्रिय होने के बाद 17 सितंबर 2020 को ‘BCI Trust PEARL, First’ नाम से नया ट्रस्ट बनाया गया. आरोप है कि परिषद के 150 करोड़ इस ट्रस्ट में ट्रांसफर करने का प्रस्ताव लाया गया, जबकि ट्रस्ट डीड की प्रति परिषद के सदस्यों के सामने नहीं रखी गई.

लॉ कॉलेजों से ‘योगदान’ का भी आरोप

पत्र में यह भी दावा किया गया कि BCI से मान्यता चाहने वाले कुछ लॉ कॉलेजों पर कथित तौर पर 25 लाख से 1 करोड़ तक का योगदान देने का दबाव बनाया गया. रेड्डी ने इन आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पूरी प्रक्रिया रोकने की मांग की है.


नियुक्तियों और NALSAR विवाद पर भी सवाल

रेड्डी ने मिश्रा से जुड़े लोगों और परिवार के सदस्यों की परिषद में नियुक्तियों पर भी सवाल उठाए. इसके अलावा NALSAR यूनिवर्सिटी के छात्रों के मामले में राज्य बार काउंसिलों को नामांकन रोकने के निर्देश की आलोचना की, जिसे बाद में वापस ले लिया गया.

स्वतंत्र ऑडिट की मांग

रेड्डी ने BCI की विशेष बैठक बुलाने और BCI तथा संबंधित ट्रस्ट का CAG से संबद्ध पैनल की स्वतंत्र फर्म से ऑडिट कराने की मांग की है.

मिश्रा बोले- मैं इस्तीफा नहीं दूंगा

विवाद के बीच मानन मिश्रा ने इस्तीफे की मांग खारिज करते हुए कहा कि वे निर्वाचित होकर अध्यक्ष बने हैं और केवल मांग उठने से पद नहीं छोड़ेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि Advocates Act में चेयरमैन के कार्यकाल पर ऐसी कोई सीमा निर्धारित नहीं है.