'22 जनवरी को उड़ा दूंगा मंदिर',राम मंदिर समारोह से पहले शख्स ने किया फोन...फिर ये हुआ

Ayodhya Ram Mandir Threat: अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को में अब कुछ घंटे का समय बचा हुआ है. समारोह को देखते हुए अयोध्या में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. लेकिन इसी राम मंदिर को बम से उड़ाने को लेकर एक कॉल से हड़कंप मच गई है.

Purushottam Kumar

Ayodhya Ram Mandir Threat: अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में अब कुछ घंटों का ही समय बचा है. इस समारोह में पीएम मोदी, सीएम योगी, RSS प्रमुख मोहन भागवत से लेकर देश-विदेश की कई हस्तियां शामिल होंगी. रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को देखते हुए अयोध्या में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. इस बीच राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है.

धमकी देने वाले ने खुद को छोटा शकील बताया

दरअसल, बिहार के अररिया जिले से डायल 112 नंबर पर कॉल करके एक शख्स ने कहा कि वो दाऊद इब्राहिम के गैंग से छोटा शकील बोल रहा है और 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर को बम से उड़ा देगा. इस धमकी भरे कॉल के बाद आला अधिकारियों को सूचित किया गया और फिर एसएसपी ने धमकी देने वाले शख्स का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर डालकर लोकेशन निकाले के निर्देश दिए.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

धमकी देने वाले शख्स के मोबाइल नंबर के लोकेशन को सर्विलांस के जरिए निकाला गया और फिर पुलिस की एक टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान अररिया के पलासी थाना क्षेत्र के बलुआ कलियागंज गांव के रहने वाले इंतेखाब के रूप में  है. आपको बता दें, आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है.

'मानसिक रूप से अस्थिर लग रहा है आरोपी'

अररिया पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह ने कहा कि आरोपी इंतेखाब आलम ने 19 जनवरी को 112 पर कॉल करके यह दावा किया था कि वह छोटा शकील है और दाऊद इब्राहिम का करीबी है. आरोपी ने कॉल पर कहा था कि वह 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर को उड़ा देगा. इसके बाद पुलिस ने कॉलर के लोकेशन को ट्रेस कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधीक्षक ने आगे बताया कि आरोपी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, लेकिन वह मानसिक रूप से अस्थिर लग रहा है.

आरोपी के खिलाफ दर्ज किया गया केस

पुलिस अधीक्षक कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है. इस मामले में विस्तृत जांच की जा रही है और उसके संबंधों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस ने धमकी भरे कॉल मिलने के बाद साइबर सेल के साथ विवरण साझा किया था. जिस नंबर से धमकी दी गई है वह उसके पिता के नाम पर रजिस्टर्ड है. उन्होंने आगे कहा कि जरूरत पड़ने पर आरोपी के पिता से भी पूछताछ की जा सकती है.
 

इस खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा है...