गुवाहाटी: असम में दो घटनाएं हुईं, जिनमें कई लोगों की मौत हो गई. पहली घटना गुवाहाटी में हुई. यहां एक होटल में गोलीबारी हुई, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. साथ ही पिस्तौल भी बरामद कर ली गई है. खबरों के अनुसार, होटल मालिक और संपत्ति लीज पर लेने वाले व्यक्ति के बीच विवाद हुआ था, जिसके चलते यह घटना हुई.
वहीं, दूसरी घटना कामरूप जिले में हुई, जहां दुर्गा पंडाल देखकर लौट रहे दो युवकों पर भीड़ ने हमला कर दिया. इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है.
गुवाहाटी के होटल बिलास इन में गोलीबारी हुई. बता दें कि यह होटल बोरा सर्विस के सामने स्थित है. यह होटल असम पुलिस मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर है. गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त पार्थ सारथी महंत ने घटनास्थल का दौरा किया. उन्होंने बताया कि शुरुआत में चार शव बरामद किए गए थे. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई.
बाद में घायल हुए एक अन्य व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या पांच हो गई. पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. खबरों के अनुसार, इस घटना में लाइसेंसी .32 बोर की पिस्तौल इस्तेमाल की गई थी, जिसे बरामद कर लिया गया है.
#WATCH | Guwahati, Assam: Visuals from the spot in the Ulubari area where five people were killed in a firing incident near a hotel. https://t.co/UgSVlDtmam
— ANI (@ANI) October 27, 2026
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि होटल मालिक और होटल की संपत्ति लीज पर लेने वाले व्यक्ति के बीच विवाद हुआ था. इसी विवाद के दौरान गोलीबारी हुई. मारे गए पांचों लोग होटल मालिक से जुड़े हुए थे. हालांकि, मामले से संबंधित अन्य तथ्यों की जांच जारी है.
असम के कामरूप जिले के पनितेमा गांव में भी सोमवार रात एक गंभीर घटना हुई. पुलिस के मुताबिक, करीब 19 साल के दो दोस्त दुर्गा पूजा के पंडाल देखकर दोपहिया वाहन से घर लौट रहे थे. जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे रेत पर उनका व्हीकल फिसल गया. इसके बाद कुछ लोगों ने दोनों युवकों पर हमला कर दिया.
इस घटना में धनजीत कलिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विशाल दास गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल युवक को इलाज के लिए AIIMS गुवाहाटी में भर्ती कराया गया है. लोग रंगिया पुलिस स्टेशन पहुंचे. सभी ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. इसके साथ ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. पुलिस का कहना है कि हमले की असली वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जांच की जा रही है.
गुवाहाटी के होटल में गोलीबारी और कामरूप में युवक की मौत के मामले में पुलिस जांच जारी है. अधिकारियों का कहना है कि घटनाओं से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है.