Saurabh Bhardwaj ED Raid: 'हमारी आवाज दबाना चाहती है सरकार...,' सौरभ भारद्वाज के घर ED रेड पर मचा सियासी तूफान, केजरीवाल-सिसोदिया का आया बयान

ईडी ने आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज के घर और 13 जगहों पर छापेमारी की. आरोप स्वास्थ्य परियोजनाओं में घोटाले का है. आप नेताओं ने इस कार्रवाई को राजनीतिक करार देते हुए कहा कि यह मोदी सरकार द्वारा एजेंसियों के दुरुपयोग और विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश है.

Social Media
Km Jaya

Saurabh Bhardwaj ED Raid: आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज के घर समेत उनसे जुड़े 13 ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने मंगलवार सुबह छापेमारी की. ईडी ने यह कार्रवाई स्वास्थ्य परियोजनाओं में कथित घोटाले के आरोपों के आधार पर की है. एजेंसी ने इस मामले में जुलाई में केस दर्ज किया था और अब इसकी जांच जारी है. ईडी की इस कार्रवाई ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है.

आम आदमी पार्टी ने ईडी रेड का कड़ा विरोध किया है और इसे राजनीतिक साजिश बताया है. पार्टी नेताओं ने दावा किया है कि केंद्र सरकार एजेंसियों का दुरुपयोग कर आप को टारगेट कर रही है. पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मोदी सरकार आप की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है, क्योंकि आप भ्रष्टाचार और गलत नीतियों के खिलाफ सबसे मुखर है. उन्होंने लिखा कि आप डरने वाली नहीं है और देशहित में अपनी लड़ाई जारी रखेगी.

विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश 

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी ईडी की रेड को राजनीतिक करार दिया. उन्होंने कहा कि जब से मोदी की डिग्री पर सवाल उठे हैं, तभी से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की छापेमारी की जा रही है. उन्होंने इसे विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बताया.

ईमानदारी को कुचलने की कोशिश 

मनीष सिसोदिया ने कहा कि यह कार्रवाई ईमानदारी को कुचलने की कोशिश है. उन्होंने कहा कि सत्येंद्र जैन का उदाहरण सामने है, जहां सालों जांच के बावजूद कोई सबूत नहीं मिला. सिसोदिया ने कहा कि सभी केस फर्जी हैं और असली मकसद आम आदमी पार्टी की ईमानदार राजनीति को निशाना बनाना है. पार्टी नेताओं ने कहा कि रेड से डरने वाले नहीं हैं, वे भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे.