ट्रैक्टर में भरकर आए बदमाशों ने पति-पत्नी बेटे पर बरसाए पत्थर, परिवार ने ऐसे बचाई जान, रौंगटे खड़े कर देगा वीडियो

बताया जा रहा है कि गुंडे एक प्लॉट पर कब्जा करने आए थे. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

India Daily Live

राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में एक तरफ एक महिला और दो पुरुष हैं और दूसरी तरफ दर्जनों लोगों की भीड़ है जो निहत्थे इन तीन लोगों पर पत्थर बरसाती नजर आ रही है. पुलिस ने इस मामले में दो बदमाशों को हिरासत में लिया है. 

हथियारबंद बंदमाशों ने परिवार पर बरसाए पत्थर
यह पूरा मामला जयपुर के मालपुरा थाना इलाके के दादाबाड़ी जैन मंदिर का है. बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर को यहां गाड़ियों में सवार होकर आए हथियारबंद बदमाशों ने जमकर गुंडागर्दी की. 

यह पूरा मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है. पीड़ित परिवार के मुखिया शंकरलाल सुईवाल ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे उनके घर के बाहर जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज आने लगी. जब उन्होंने बाहर निकलकर देखा तो दर्जनों लोग हाथ में डंडा, सरिया और पत्थर लिए ट्रैक्टर पर सवार होकर जबरन उनके घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे.

कमरे में बंद होकर परिवार ने बचाई जान

जब उन्होंने उन्हें रोका तो उन्होंने जान से मारने और घर की महिलाओं को उठाकर ले जाने की धमकी दी. जब घर के अंदर घुसने से रोका तो उन्होंने पूरे परिवार पर हमला कर दिया. इस हमले में शंकरलाल का परिवार गंभीर रूप से घायल हुआ है. शंकरलाल की पत्नी विमलेश और भाभी नीलम ने जब बीच बचाव करने की कोशिश की तो बदमाशों ने उन पर पत्थर बरसाए. शंकरलाल ने बताया कि वो हमें जान से मारने पर आमादा थे हम लोगों ने जैसे तैसे कमरे में बंद होकर अपनी जान बचाई.

जमीन विवाद का है मामला
वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस पर भी बदमाशों ने पत्थर फेंके. पुलिस ने इस मामले में सुभाष चंद मदेरना और नंदकिशोर को हिरासत में लिया है. मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि एक प्लॉट को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और बदमाश उसी खाली प्लॉट पर कब्जा करने आए थे. पुलिस ने आगे कहा कि अभी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. मामले की जांच जारी है. जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा.